Last Updated: Saturday, April 19, 2014, 19:55

होशियारपुर (पंजाब) : भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने शनिवार को यह कहते हुए कांग्रेस नीत संप्रग सरकार पर हमला बोला कि वह सभी मोर्चे पर विफल रही है।
सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान कई घोटाले सामने आये और जनता इस लोकसभा चुनाव में ‘‘भ्रष्ट और नाकाम’’ सरकार को बाहर का रास्ता दिखाएगी।
उन्होंने होशियारपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार विजय सांपला के समर्थन में यहां से 60 किलोमीटर दूर मुकेरियां के पास भंगला गांव में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि ‘‘संप्रग सरकार के सभी मोर्चे पर विफल रहने और उसके खराब शासन के चलते’’ बेरोजगारी दर और महंगाई दर काफी हद तक बढ़ गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘इससे सबसे अधिक प्रभावित आम आदमी हुआ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘महंगाई को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस कदम उठाने की बजाय संप्रग सरकार के कुछ नेताओं ने कालाबाजारी करने वालों और जमाखोरों को प्रोत्साहित किया।’’ सिंह ने यह भी दावा किया कि पंजाब में शिरोमणि अकाली दल-भाजपा सरकार के राज्य को विदेश दर्जा के लिए तमाम अनुरोधों के बावजूद, संप्रग सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने नरेंद्र मोदी का हाथ मजबूत करने के लिए जनता से विजय सांपला के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस रैली में प्रदेश भाजपा प्रमुख कमल शर्मा, राज्यसभा सदस्य अविनाश राय खन्ना और स्थानीय भाजपा एवं शिरोमणि अकाली दल नेता मौजूद थे। (एजेंसी)
First Published: Saturday, April 19, 2014, 19:55