Last Updated: Monday, October 28, 2013, 21:09

लाहली (हरियाणा) : पहले टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत को जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले हरियाणा के तेज गेंदबाज जोगिंदर शर्मा ने आज कहा कि दो साल पहले हुई कार दुर्घटना के बाद का समय उनके जीवन का सबसे मुश्किल समय था। जोगिंदर ने कहा कि दुर्घटना के बाद मैदान पर वापसी करने की संभावना क्षीण हो गई थी।
घरेलू क्रिकेट में हरियाणा के अहम खिलाड़ियों में शामिल जोगिंदर ने आज गत चैम्पियन मुंबई के खिलाफ पांच विकेट चटकाकर रणजी ट्राफी मैच में अपनी टीम को वापसी दिलाई। दूसरे दिन के खेल के बाद जोगिंदर ने सबसे पहले बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष रणबीर सिंह महेंद्रा और अपने फिजियो अमित त्यागी को उनके प्रेरक शब्दों के लिए धन्यवाद दिया।
नवंबर 2011 में हुई दुर्घटना को याद करते हुए जोगिंदर ने कहा, मैं रणबीर सिंह महेंद्रा और अपने फिजियो अमित त्यागी का आभारी हूं क्योंकि मैं बड़ी दुर्घटना के बाद वापसी कर रहा था। जोगिंदर को फ्रैक्चर हुआ था जबकि खून का थक्का जमने की भी समस्या थी जिसके लिए सर्जरी कराना जरूरी थी।
दुर्घटना के बाद के समय और वापसी की संभावना पर इस आलराउंडर ने कहा, मैंने डाक्टरों से चोट के बारे में बात की। इसके बाद ऐसा लगा कि वापसी करना मुश्किल होगा लेकिन मेरे फिजियो ने मदद की, अनिरूद्ध सर ने मदद की। मैंने डाक्टर की सलाह मानी और कड़ी मेहनत की।
जोगिंदर ने कहा, दुर्घटना के बाद मैं 10-11 दिन अस्पताल में रहा और तीन चार दिन फिर आईसीयू में। इसके बाद तीन से चार महीने बेड रेस्ट किया। नौ महीने बाद मैं फिजियो से मिला। सब कुछ काफी मुश्किल लग रहा था। पहले चार से पांच महीने मेरे जीवन का सबसे मुश्किल समय था और मैं इसे याद नहीं करना चाहता। मौजूदा मैच में हरियाणा ने 222 रन की बढ़त हासिल कर ली है और जोगिंदर टीम की संभावना को लेकर आश्वस्त हैं।
उन्होंने कहा, हरियाणा ने पर्याप्त रन बना लिए हैं और हमें अनुशासित लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करनी होगी। हमें इस विकेट के बारे में जानकारी है। आज के प्रयास के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, यह मददगार विकेट है जहां गेंद स्विंग करती है। मैं अच्छी लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करने की कोशिश कर रहा था। क्योंकि गेंदबाजों को मदद मिल रही थी। दूसरे दिन तीन विकेट चटकाने वाले मुंबई के विशाल दाभोलकर ने कहा कि उनका काम मैच को नियंत्रण में करना था। (एजेंसी)
First Published: Monday, October 28, 2013, 21:06