राजनेताओं को खेलों से दूर रखा जाए : राहुल गांधी

राजनेताओं को खेलों से दूर रखा जाए : राहुल गांधी

राजनेताओं को खेलों से दूर रखा जाए : राहुल गांधीनई दिल्ली : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में खेल संस्थाओं से राजनेताओं को बाहर रखने की वकालत करते हुए कहा कि खेल संस्थाओं का संचालन खिलाड़ियों को ही करना चाहिए।

यहां ‘राष्ट्रीय युवा नीति 2014’ और ‘राजीव गांधी खेल अभियान’ के लांच के मौके पर राहुल ने कहा, ‘यदि हम खेलों और इसे कैसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की बात करें तो फिर देश में खेलों के बारे में फैसला करने के लिए अधिक से अधिक अधिकार खेलों से जुड़े लोगों को दिए जाने चाहिए।’

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि यही इसका मूल बिंदू है। अगर आप सीधे तौर पर कहना चाहते हैं तो राजनेताओं को खेलों से दूर रखा जाए।’ राहुल ने कहा कि यह वैसा ही है जैसे देश की राजनीति में बदलाव में मदद के लिए आम आदमी को अधिकार देना।

उन्होंने कहा, ‘राजनीति में भी यही नियम लागू होता है। अगर आप देश में राजनीति को बदलना चाहते हो तो युवाओं को अधिक से अधिक अधिकार दो, आम आदमी को अधिक अधिकार दो और आप राजनीति को बदल दोगे।’ केंद्र द्वारा प्रायोजित योजनाएं राष्ट्रीय युवा नीति 2014 और राजीव गांधी खेल अभियान शुक्रवार को यहां जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में लांच की गई।

खेल मंत्री जितेंद्र सिंह, मैरीकाम, विजेंदर सिंह, पुलेला गोपीचंद, अश्विनी नचप्पा, रंजन सोढ़ी और कर्णम मल्लेश्वरी इस दौरान मौजूद थे। इन दोनों कार्यक्रमों को पूरे देश में जिला मुख्यालय और विश्वविद्यालय स्तर पर भी साथ साथ लांच किया गया। (एजेंसी)

First Published: Friday, February 21, 2014, 17:56

comments powered by Disqus