Last Updated: Friday, November 15, 2013, 22:04

चेन्नई : गत चैम्पियन विश्वनाथन आनंद को विश्व शतरंज चैम्पियनशिप की पांचवीं बाजी में शुक्रवार को यहां नार्वे के चैलेंजर मैग्नस कार्लसन के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा।
बारह बाजियों के इस मैच में अब जब सात और बाजी खेली जानी बाकी हैं तब कार्लसन ने 3-2 की बढ़त बना ली है।
बाजी की शुरुआत नोटबाटम ओपनिंग से हुई। कार्लसन ने इसके बाद आनंद को हैरान करते हुए ऐसा खेल दिखाया जो एलीट शतरंज में आम तौर पर देखने को नहीं मिलता।
आनंद ने हालांकि कुछ अच्छी चालों के साथ वापसी की कोशिश की और ऐसा लग रहा था कि इस भारतीय के लिए परेशानी की कोई बात नहीं है। इस बीच कार्लसन ने हालांकि बेहतर स्थिति में आने के लिए कोशिशें जारी रखी।
कार्लसन ने इसके बाद आनंद को गलती करने के लिए मजबूर किया। आनंद ने एक समय अच्छा संतुलन बना रखा था और प्यादा गंवाने के बावजूद ठीक स्थिति में थे। लेकिन पिछली बाजी में जिस चीज ने उन्हें बचाया उसी के कारण आज उन्हें बाजी गंवानी पड़ी।
आनंद ने कहा था कि वह भाग्यशाली रहे कि चौथी बाजी में प्रत्येक टाइम कंट्रोल में राजा को चेक दे पाए। लेकिन आज 45वीं चाल में इसी ने उन्हें परेशानी में डाल दिया।
भारतीय खिलाड़ी ने अतिरिक्त चाल हासिल करते हुए राजा को दूर ले जाने का फैसला किया लेकिन जल्दबाजी में अनदेखा कर गए कि हाथी और प्यादे की स्थिति उनके लिए अच्छी नहीं है। आनंद इसके बाद अपनी इस गलती में सुधार नहीं कर पाए और कार्लसन ने अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाते हुए जीत दर्ज कर ली।
आनंद का डिफेंस उस तरह का नहीं था जिसके लिए वह जाने जाते हैं और अब उन्हें जल्द से जल्द वापसी करनी होगी। पिछली कुछ विश्व चैम्पियनशिप पर गौर करें तो आनंद हारने के बाद तुरंत अगली बाजी में जीत दर्ज करते हैं।
वर्ष 2010 में आनंद ने बुल्गारिया के वेसलिन टोपालोव के हाथों पहली बाजी में शिकस्त के बाद दूसरी बाजी जीती थी जबकि 2012 में सातवीं बाजी में इजरायल के बोरिस गेलफेंड के हाथों शिकस्त के बाद उन्होंने आठवीं बाजी में जीत दर्ज की थी। (एजेंसी)
First Published: Friday, November 15, 2013, 22:04