Last Updated: Sunday, December 8, 2013, 18:53
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : विधानसभा चुनावों में मिली हार के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को कहा कि चुनाव नतीजों से उनकी पार्टी को बेहद निराशा हाथ लगी है। सोनिया ने कहा कि इस चुनावी हार पर कांग्रेस को आत्ममंथन की जरूरत है। सोनिया ने जीत के लिए विपक्षी दलों को बधाई भी दी।
सोनिया ने कहा, ‘मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में मिली हार पर विश्लेषण की जरूरत है। हम अपनी इस हार से निराश हैं।’
सोनिया ने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में मुख्यमंत्रियों ने अच्छा काम किया है। कांग्रेस पार्टी अपनी गलतियों को सुधारने के लिए काम करेगी।
सोनिया के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ‘आप’ पार्टी ने लोगों को जोड़ा है और कांग्रेस भी लोगों को जोड़ने का काम करेगी। जनता ने हमें एक संदेश दिया है और हमने उस संदेश को सुना है। राहुल ने कहा, ‘वह लोगों की उम्मीदों के अनुसार पार्टी में बदलाव करेंगे। कांग्रेस पार्टी में बदलाव करने की क्षमता है।’
राहुल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि शीला दीक्षित ने दिल्ली में अच्छा काम किया है।
First Published: Sunday, December 8, 2013, 17:22