Last Updated: Monday, December 16, 2013, 19:57

गुवाहाटी : असम में वर्ष 2005 से 2013 तक के आठ साल में कम से कम 40,096 महिलाएं अत्याचार का शिकार हुईं और इनके अलावा 13,798 महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ। राज्य के वन मंत्री रकीबुल हुसैन ने सोमवार को राज्य विधानसभा में यह जानकारी दी।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में बताया कि इनमें से 69 महिलाओं की बलात्कार के बाद मौत हो गई, 72 को जादू टोना करने के आरोप में मार डाला गया और 1,148 मौतें दहेज के लिए हुईं। उन्होंने बताया कि महिलाओं के उत्पीड़न के मामले में 37,694 लोगों को गिरफ्तार किया गया जिनमें से 25,943 के खिलाफ आरोप पत्र दायर हुए और 2,386 के खिलाफ मुकदमे चलाए गए।
मंत्री ने बताया कि बलात्कार करने के आरोप में 11,995 लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनमें से 4472 के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किए गए जबकि अदालत ने 1,466 को जेल भेजा। उन्होंने बताया कि 73 लोगों को बलात्कार के बाद हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया और इनमें से 43 के खिलाफ आरोप तय किए गए और 14 दोषी ठहराए गए। इसके अलावा दहेज हत्या के मामले में 1,704 लोगों को गिरफ्तार किया गया और इनमें से 249 लोगों को दोषी ठहराया गया। (एजेंसी)
First Published: Monday, December 16, 2013, 19:57