उत्तर प्रदेश में 14 आईपीएस अफसरों का तबादला

उत्तर प्रदेश में 14 आईपीएस अफसरों का तबादला

लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने आज राज्य की पुलिस व्यवस्था में फेरबदल करते हुए 14 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक (कारागार) राजेश प्रताप सिंह को मौजूदा पद के साथ अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

इसके अलावा डी. एल. रत्नम का अपर पुलिस महानिदेशक (पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र) सीतापुर के पद पर स्थानान्तरण रद्द करते हुए उन्हें सहकारिता विभाग में अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। बीसवीं वाहिनी पीएसी (आजमगढ़) में सेनानायक अमिताभ ठाकुर को पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र गोरखपुर में महानिरीक्षक पद पर भेजा गया है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक (तकनीकी सेवाएं) असीम कुमार अरुण को दूरसंचार विभाग में पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। पुलिस महानिरीक्षक (लोक शिकायत) जय नारायन सिंह को पीएसी मुख्यालय लखनऊ में महानिरीक्षक पद पर भेजा गया है।

मुरादाबाद परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अमरेन्द्र कुमार सेंगर को पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) के पद पर नयी तैनाती दी गयी है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड में उपमहानिरीक्षक राजकुमार को इसी बोर्ड में महानिरीक्षक बना दिया गया है।

पुलिस महानिदेशक कार्यालय से सम्बद्ध पुलिस महानिरीक्षक लालजी शुक्ल को पुलिस महानिरीक्षक (प्रोविजन एवं बजट) इलाहाबाद मुख्यालय के पद पर भेजा गया है। पीएसी सेक्टर लखनऊ के पुलिस महानिरीक्षक भोला नाथ सिंह को पीएसी पूर्वी जोन का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस महानिदेशक कार्यालय से सम्बद्ध पुलिस अधीक्षक सुभाष चन्द्र दुबे को सीबीसीआईडी में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। तीसवीं वाहिनी पीएसी गोण्डा में उप सेनानायक प्रतीप कुमार मिश्र को 48वीं वाहिनी पीएसी सोनभद्र का सेनानायक नियुक्त किया गया है। श्रावस्ती में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक राम प्रताप सिंह को भ्रष्टाचार निवारण संगठन लखनउ में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। संत रविदास नगर के अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार पाण्डेय को आठवीं वाहिनी पीएसी बरेली के सेनानायक पद पर भेजा गया है।

मैनपुरी के अपर पुलिस अधीक्षक अतुल सक्सेना को 39वीं वाहिनी पीएसी मिर्जापुर का सेनानायक बनाया गया है। सतर्कता अधिष्ठान लखनउ के पद पर स्थानान्तरणाधीन गंगा नाथ त्रिपाठी का तबादला रद्द करते हुए उन्हें पुलिस अधीक्षक (भवन एवं कल्याण) मुख्यालय इलाहाबाद में नयी तैनाती दी गयी है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, December 21, 2013, 19:07

comments powered by Disqus