लोकसभा चुनाव में यूपी की सभी सीटों पर लड़ेगी आम आदमी पार्टी

लोकसभा चुनाव में यूपी की सभी सीटों पर लड़ेगी आम आदमी पार्टी

लखनऊ : आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में लोकसभा की सभी 80 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ी करेगी। यह जानकारी पार्टी प्रवक्ता संजय सिंह ने दी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी माने जाने वाले संजय ने बताया कि पार्टी साफ और ईमानदार छवि के राजनेताओं पर ध्यान दे रही है और उम्मीद है कि जातिवाद और संप्रदायवाद का मसला पीछे चला जाएगा।

उन्होंने यह स्वीकार किया कि ये दो मसले राज्य में लंबे समय से रहे हैं और जो बड़ी चुनौतियां रहे हैं। लेकिन, इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अब परंपरागत राजनीति को बदलने का समय है और आम आदमी ने विकास को चुनाव के मुख्य मुद्दे के रूप में स्वीकार किया है।

संजय ने कहा कि पार्टी जल्द ही उम्मीदवारों के नाम तय करेगी और लोकसभा चुनाव के लिए पहली सूची 15 फरवरी तक जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की तरह यहां भी आप के उम्मीदवार आम आदमी होंगे। संजय ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में 20 राज्यों में चुनाव लड़ने का फैसला किया गया है। संजय के मुताबिक, कवि कुमार विश्वास का कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी से लड़ना तय है। आप के प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी रायबरेली से कांग्रेस अध्यक्ष और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी और मैनपुरी से समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव के खिलाफ भी उम्मीदवार खड़ी करेगी।

इससे पहले, संजय ने कहा था कि लोकसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक लोग 15 जनवरी तक आवेदन दे सकते हैं और जिसमें उन्हें अपने क्षेत्र के 100 लोगों की स्वीकृति मिली होनी चाहिए। संजय ने शिया मौलवी कल्बे जव्वाद से सोमवार को मुलाकात कर उनका समर्थन मांगा था। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, January 7, 2014, 13:51

comments powered by Disqus