आप ने ‘भ्रष्ट’ कांग्रेस से मिल जनता से किया धोखा: बीजेपी

आप ने ‘भ्रष्ट’ कांग्रेस से मिल जनता से किया धोखा: बीजेपी

आप ने ‘भ्रष्ट’ कांग्रेस से मिल जनता से किया धोखा: बीजेपी नई दिल्ली : भाजपा ने ‘भ्रष्ट कांग्रेस’ के समर्थन से सरकार बनाने के ‘आप’ के फैसले की आलोचना करते हुए सोमवार को कहा कि जिस पार्टी ने भ्रष्टाचार से लड़ाई लड़ने के नाम पर राजनीति में प्रवेश किया उसने यह निर्णय करके ना सिर्फ अपने सिद्धांतों से समझौता किया बल्कि जनता के विश्वास के साथ भी धोखा किया है।

दिल्ली भाजपा के नेता और विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार रहे हर्षवर्धन ने सरकार बनाने की ‘आप’ की घोषणा के तुरंत बाद उक्त प्रतिक्रिया दी।

हर्षवर्धन ने कहा कि आप ने भ्रष्टाचार से लड़ने के वायदे किए थे और कसमें खायी थीं। लेकिन इसने भ्रष्ट कांग्रेस के साथ हाथ मिला कर अपने ही सिद्धांतों के साथ समझौता कर लिया है। दिल्ली में सरकार बनाना दिल्ली के निवासियों के साथ धोखा है, क्योंकि उसने (दिल्ली की जनता ने) 2013 के विधानसभा चुनाव में भ्रष्ट कांग्रेस को खारिज कर दिया है। भाजपा एक समय तक ‘आप’ पर इल्जाम लगा रही थी कि वह कांग्रेस की ओर से समर्थन दिए जाने के बावजूद सरकार बनाने से भाग रही है, लेकिन आज सरकार बनाने का निर्णय कर लिए जाने पर सरकार बनाने से 4 सीट पीछे छूट गए भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा कि अब वह (आप) भ्रष्ट कांग्रेस से मिल कर सरकार बना रही है। मगर हम सरकार बनाने के इस अवसर पर उनकी पार्टी को शुभकामनाएं देते हैं।

हषर्वर्धन ने कहा कि हम दुआ करते हैं कि वे (आप) सफल हों और दिल्ली की जनता से किए गए वायदों को पूरा करें। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को 31, उसके सहयोगी अकाली दल को 1 सीट मिली। ‘आप’ को 28 और कांग्रेस को 8 सीट पर जीत हासिल हुई। दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने सबसे पहले भाजपा को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था, लेकिन मुख्य विपक्षी दल से संख्या बल के अभाव में इससे इनकार कर दिया। (एजेंसी)

First Published: Monday, December 23, 2013, 14:45

comments powered by Disqus