Last Updated: Tuesday, October 29, 2013, 22:42
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वरिष्ठ साहित्यकार राजेन्द्र यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश मंर कहा कि ‘हंस’ के सम्पादक राजेन्द्र यादव के निधन से हिन्दी साहित्य को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने उपन्यास लेखन के साथ-साथ समालोचना के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान किया।
अखिलेश ने शोक संतप्त परिजन के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने भी राजेन्द्र यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने ‘हंस’ के माध्यम से हिन्दी कथा साहित्य को बहुत समृद्ध किया। उनके निधन से साहित्य जगत को गहरी क्षति हुई है।
इस बीच, उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने राजेन्द्र यादव के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि याद हमेशा नयी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते थे और विमर्श के नये-नये मुद्दे तलाश करने के साथ उनको दिशा देने की भूमिका भी निभाते थे।
गौरतलब है कि 28 अगस्त 1929 को उत्तर प्रदेश के आगरा में जन्में साहित्यकार राजेन्द्र यादव का कल रात दिल्ली में निधन हो गया। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, October 29, 2013, 22:42