Last Updated: Saturday, January 18, 2014, 16:07

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को अपने मंत्रिमंडल का चौथी बार विस्तार किया। इस विस्तार में दो राज्य मंत्रियों -गायत्री प्रजापति और मनोज पांडे- को प्रोन्नति देकर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है और शिवाकांत ओझा को नया कैबिनेट मंत्री का पद दिया गया है। प्रदेश के राज्यपाल बी.एल. जोशी ने राजभवन में गायत्री प्रजापति और मनोज पांडे को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई। नए कैबिनेट मंत्री के रूप में मंत्रिमंडल में शामिल किए गए शिवाकांत ओझा इस समय विदेश में हैं, इसलिए वह शपथ ग्रहण नहीं कर पाए हैं। अब उन्हें वापस लौटने के बाद शपथ दिलाई जाएगी।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अलावा सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव, मुख्य सचिव जावेद उस्मानी सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। दोपहर 12 बजे अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव राजभवन पहुंचे। उसके बाद नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। मंत्रिमंडल का यह चौथा विस्तार था। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पिछले साल 7 फरवरी को अपने मंत्रिमंडल का पहला विस्तार किया था। दूसरा विस्तार 18 जुलाई को और तीसरा 11 अक्तू बर को हुआ था।
राज्यमंत्री मनोज पांडेय को पिछले दिनों ही प्रोन्नति मिलने वाली थी, लेकिन पूर्व मंत्री राजाराम पांडे की अकस्मात मौत के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार टल गया था। मंत्रिमंडल में इस समय मुख्यमंत्री सहित 22 कैबिनेट मंत्री, 31 राज्यमंत्री और छह स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्री हैं। वह अपने मंत्रिपरिषद में फिलहाल एक ही मंत्री शामिल कर सकते थे। ऐसे में किसी नए चेहरे को मंत्री बनाए जाने की अटकलें चल रही थीं। शिवाकांत ओझा को मंत्री बनाया जाना इसी का परिणाम है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, January 18, 2014, 16:05