आंध्र प्रदेश पर सर्वदलीय बैठक ‘आंखों में धूल झोंकने वाली’:भाजपा

आंध्र प्रदेश पर सर्वदलीय बैठक ‘आंखों में धूल झोंकने वाली’:भाजपा

हैदराबाद : आंध्र प्रदेश की भाजपा इकाई के प्रमुख जी किशन रेड्डी ने आरोप लगाया है कि प्रदेश के विभाजन के मुद्दे पर मंत्रिसमूह (जीओएम) द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक केवल आंखों में धूल झोंकने वाली है।

रेड्डी ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि हमने कल जीओएम से मुलाकात की। हमें लगता है कि केन्द्र सभी दलों के नजरियों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। ऐसा लगता है कि यह केवल आंखों में धूल झोंकना है। सरकार या किसी संगठन को अन्य के नजरिये लेने से पहले अपना नजरिया स्पष्ट रूप से व्यक्त करने चाहिए।

उन्होंने कहा कि केन्द्र के पास उन 11 बिन्दुओं पर कोई प्रस्ताव नहीं है जिस पर नजरिये मांगे गये हैं। वे विपक्षी दलों से अपना नजरिया बताने को कह रहे हैं जबकि उन्होंने खुद कोई प्रस्ताव नहीं दिया है। रेड्डी और उनकी पार्टी के सहयोगी के हरिबाबू ने जीओएम द्वारा आंध्र प्रदेश के दलों के लिए बुलाई गई बैठक में भाजपा का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने जीओएम का हवाला देते हुए कहा कि वे अब भी राजस्व साझेदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जानकारी एकत्रित कर रहे हैं।

रेड्डी ने कहा कि ऐसा कैसे हो सकता है कि उनके (जीओएम) पास कोई जानकारी नहीं हो? अगर उनके पास जानकारी नहीं है तो हमारे पास कैसे हो सकती है? जब हम यह कहते हैं, तो वे कहते हैं कि हां यह सही है। वे कुछ नहीं पूछ रहे हैं। जो केवल वहां गये हैं, उन्होंने अपने नजरिये रखे हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने दोहराया कि अगर संसद के शीतकालीन सत्र में पृथक तेलंगाना के गठन का विधेयक लाया जाता है तो उनकी पार्टी इसका समर्थन करेगी। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, November 13, 2013, 18:40

comments powered by Disqus