अरूणाचल छात्र मौत : लाजपत नगर में पूर्वोत्तर के छात्रों का विरोध-प्रदर्शन

अरूणाचल छात्र मौत : लाजपत नगर में पूर्वोत्तर के छात्रों ने किया प्रदर्शन, मांगा न्याय

अरूणाचल छात्र मौत : लाजपत नगर में पूर्वोत्तर के छात्रों ने किया प्रदर्शन, मांगा न्यायज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : अरुणाचल प्रदेश के 19 वर्षीय छात्र की मौत मामले में पूर्वोत्तर के छात्रों ने शनिवार को लाजपत नगर में विरोध-प्रदर्शन किया। अरूणाचल प्रदेश के कांग्रेस विधायक के पुत्र नीडो तानियाम की गुरुवार को मौत हो गई। तानियाम को लाजपत नगर में दो दुकानदारों ने कथित रूप से बुरी तरह पीटा था।

न्याय की मांग और भेदभाव के खिलाफ नारेबाजी करते कई प्रदर्शनकारी तख्तियां लिए हुए यहां नजर आए। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "यह हैरान कर देने वाली घटना है और यह पहली बार नहीं है। यह सिर्फ पूर्वोत्तर के लोगों की बात नहीं, बल्कि दिल्ली के बाहर से आने वाले लोग भी भेदभाव झेलते हैं।"

एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा, "हम दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से न्याय की मांग करते हैं।"

इस बीच, पूर्वोत्तर समुदाय का एक प्रतिनिधिमंडल आज भाजपा नेता डॉक्टर हर्षवर्धन से मिला। हर्षवर्धन ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि वह पूर्वोत्तर के छात्रों की सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे को पत्र लिखेंगे। पूर्वोत्तर के सांसद भी आज प्रधानमंत्री से मुलाकात करने वाले हैं।

दिल्ली पुलिस ने सफाई दी है कि झगड़े के बाद उसने छात्र को घटनास्थल पर वापस नहीं छोड़ा। पुलिस का कहना है कि उसने छात्र को उसकी बहन को सौंपा था। इसके पहले रिपोर्टों में दावा किया गया कि दुकानदारों और नीडो के बीच सुलह हो जाने के बाद पुलिस ने नीडो को उसी जगह पर छोड़ दिया जहां नीडो और दुकानदारों के बीच विवाद हुआ था।

नीडो तानियाम पर हमला लाजपत नगर-1 मार्केट में बुधवार दोपहर बाद हुआ था। रिपोर्टों के मुताबिक विवाद में नीडो को बुरी तरह आंतरिक चोट लगी। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसे `नस्ली हमला` करार दिया है। मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों फरहान और अकरम को गिरफ्तार किया है। दोनों पनीर की दुकान चलाते हैं।

तानियाम जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी का छात्र था। लाजपत नगर में फरहान एवं अकरम ने तानियाम की हेयर स्टाइल एवं कपड़ों को लेकर टिप्पणी की। नीडो ने अपने बाल लाल रंग में रंगे थे और लाल पतलून पहना था। तानियाम ने दोनों दुकानदारों की टिप्पणी की विरोध किया और धीरे-धीरे यह विरोध तीखे विवाद में तब्दील हो गया। पुलिस का कहना है कि गुस्साए तानियाम दुकान में दाखिल हुआ और अंदर शीशे के बने टेबल को तोड़ दिया। एक दुकानदार की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और तानिया, फरहान और अकरम को पुलिस स्टेशन ले गई। पुलिस स्टेशन में तानियाम ने टेबल तोड़ने के एवज में 10 हजार रुपए दिए।

तानियाम के रिश्तेदारों का कहना है कि इसके बाद पुलिस ने उसे वापस दुकान के पास लाकर छोड़ दिया जहां दूसरी बार विवाद शुरू हो गया। तानियाम के चचेरे भाई ने मीडिया को बताया कि इस बार तानियाम को बुरी तरह पीटा गया।

पुलिस उपायुक्त पी. करुणाकरन ने कहा, `पुलिस स्टेशन में नीडो और दुकानदारों के बीच सुलह हो गया था। इसके बाद ही सभी को जाने के लिए कहा गया था।`

तानियाम के एक रिश्तेदार ने बताया कि उसके गर्दन और ओठ पर चोट लगी थी। तानियाम के दोस्त उसे इलाज के लिए एम्स लेकर गए थे जहां गुरुवार शाम उसकी मौत हो गई। जबकि मामला शुक्रवार को प्रकाश में आया। तानियाम अपनी बड़ी बहन से मिलने दिल्ली आया था। उसकी बहन दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा है। (एजेंसी इनपुट के साथ)

First Published: Saturday, February 1, 2014, 13:33

comments powered by Disqus