Last Updated: Sunday, February 9, 2014, 23:43
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जन लोकपाल विधेयक पास कराने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि अगर यह विधेयक पास नहीं हुआ तो वह इस्तीफा दे देंगे। रविवार को एक न्यूज चैनल से बातचीत में केजरीवाल ने साफ कहा, `हमारा सत्ता में रहने से ज्यादा महत्वपूर्ण है जन लोकपाल बिल का पास होना। अगर जन लोकपाल बिल पास नहीं हुआ तो हम इस्तीफा दे देंगे।`
केजरीवाल ने एक दिन पहले ही कहा था कि वह भ्रष्टाचार के बड़े मुद्दे को लेकर किसी भी सीमा तक जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि इस महत्वपूर्ण विधेयक को विधानसभा की मंजूरी नहीं मिलती तो उन्हें पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। विधेयक का कांग्रेस के साथ ही विपक्षी भाजपा भी विरोध कर रही है। कांग्रेस का समर्थन इस सात सप्ताह पुरानी सरकार के बने रहने के लिए महत्वपूर्ण है।
केजरीवाल ने कहा, ‘देश से भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए, मुख्यमंत्री की कुर्सी सौ बार न्यौछावर कर सकता हूं। यदि जनलोकपाल विधेयक और स्वराज विधेयक पारित नहीं हो सका तो सरकार गिर जाएगी।’ केजरीवाल की पार्टी आप ने मतदाताओं से जो वादा किया था उसमें भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए जनलोकपाल विधेयक लाना प्रमुख था।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘देश में स्वराज स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री की कुर्सी 100 बार कुर्बान की जा सकती है। मैं यहां पर मुख्यमंत्री बनने के लिए नहीं आया हूं। मैं यहां देश से भ्रष्टाचार का खात्मा करने के लिए आया हूं।’ यह पूछे जाने पर कि क्या वह जनलोकपाल और स्वराज विधेयकों के मुद्दे पर पद छोड़ने के लिए तैयार हैं, उन्होंने कहा, ‘मैं तैयार हूं।’
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि जनलोकपाल और स्वराज विधेयक दिल्ली विधानसभा में 13 फरवरी को पेश किये जाएंगे। विधायक विनोद कुमार बिन्नी के आप से निष्कासन के बाद 70 सदस्यीय विधानसभा में आप के पास 27 सदस्य बचे रह गए हैं जबकि कांग्रेस के पास आठ सदस्य हैं। भाजपा के 32 विधायक हैं।
उधर, केजरीवाल ने महाराष्ट्र सदन में अन्ना से मुलाकात कर जनलोकपाल और स्वराज विधेयक के बारे में उन्हें जानकारी दी। केजरीवाल से मुलाकात के बाद अन्ना ने संवाददाताओं से कहा, ‘अगर यह पारित नहीं होता है तो केजरीवाल को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्हें ऐसा करना चाहिए।’ उनसे पूछा गया था कि क्या वह मुख्यमंत्री के इस्तीफा देने की धमकी का समर्थन करते हैं।
प्रस्तावित जन लोकपाल विधेयक के बारे में अन्ना ने कहा, ‘मैंने अभी कागजात (विधेयक) नहीं देखा है, लेकिन उन्होंने (केजरीवाल) जो कुछ बताया है वह अच्छा है।’ (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Sunday, February 9, 2014, 22:29