Last Updated: Wednesday, June 4, 2014, 19:58
बदायूं : उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के उसहैत थाने के कटरा सादातगंज गांव में पिछले दिनों दो चचेरी बहनों की बलात्कार के बाद हत्या करने के सिलसिले में बुधवार को वहां जांच को पहुंचे बरेली के मंडलायुक्त के सामने गांव की महिलाओं ने त्वरित न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
जिलाधिकारी उदयराज सिंह ने बताया कि बरेली के मंडलायुक्त के. रवीन्द्र नायक आज अधिकारियों के साथ कटरा सादातगंज गांव पहुंचे। उन्होंने बताया कि मंडलायुक्त के दौरे के दौरान गांव की महिलाओं ने उनके समक्ष प्रदर्शन किया और न्याय की मांग की।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारी महिलाओं ने मांग की कि सीबीआई जांच जल्दी से जल्दी करवाई जाये और दोषियों को फांसी की सजा दिलाई जाए। उन्होंने बताया कि मंडलायुक्त रवीन्द्र नायक ने प्रदर्शनकारी महिलाओं की बात सुनी और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पीडित परिवार को पूरी सुरक्षा उपलब्ध करायी जाएगी। सरकार और प्रशासन गांव में भयमुक्त वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस बीच, जिला पुलिस अधीक्षक अतुल सक्सेना ने बताया कि प्राथमिकी में दर्ज दो अज्ञात अभियुक्तों का रेखाचित्र बनाने के लिए दिल्ली से विशेषज्ञों की टीम यहां पहुंचने वाली है। उन्होंने कहा कि एक बार सटीक रेखाचित्र उपलब्ध हो गए तो फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में देर नहीं लगेगी। गौरतलब है कि उसहैत थाने के कटरा सादातगंज गांव में 27 मई की रात दो चचेरी बहनों की बलात्कार के बाद फांसी पर लटकाकर हत्या कर दी गई थी। इस सिलसिले में दो पुलिसकर्मियों और गांव के ही तीन सगे भाइयों के अलावा दो अज्ञात लोगों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अभियुक्तों में से तीनों भाई तथा दोनों पुलिसकर्मी गिरफ्तार किए जा चुके है और दोनों को सेवा से भी बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि दोनों अज्ञात अभियुक्त फरार हैं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, June 4, 2014, 19:58