राज ठाकरे के साथ मंच साझा कर बिग बी ने किया उत्तर भारतीयों का अपमान: आजमी

राज ठाकरे के साथ मंच साझा कर बिग बी ने किया उत्तर भारतीयों का अपमान: आजमी

मुंबई : सपा विधायक अबू आजमी ने आज कहा कि अभिनेता अमिताभ बच्चन द्वारा मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के साथ मंच साझा करना लाखों उत्तर भारतीयों का अपमान है। अमिताभ ने राज ठाकरे के साथ अपने पांच वर्ष पुराने मतभेदों को भुलाते हुए कल एक कार्यक्रम में शिरकत की थी जिसमें मनसे अध्यक्ष भी थे। राज ने इस मौके पर कहा कि उनके और अमिताभ के बीच जो हुआ वह अतीत की बात हो गयी।

दोनों ने कल मुंबई के षणमुखानंद हॉल में मनसे की फिल्म संस्था महाराष्ट्र नवनिर्माण चित्रपट कर्मचारी सेना के सातवें वाषिर्क समारोह में साथ-साथ भाग लिया था। सपा के प्रदेश अध्यक्ष आजमी ने कहा कि वह अमिताभ को राज के साथ देखकर दुखी हुए। आजमी ने कहा कि अमिताभ को बताना चाहिए कि ठाकरे ने केवल उन्हें स्वीकार किया है या उत्तर भारत के सभी लोगों को स्वीकार किया है।

सपा नेता ने कहा, ‘‘अमिताभ जी को मनसे अध्यक्ष से कहना चाहिए कि उत्तर भारतीयों के प्रति नफरत छोड़ें और उत्तर भारतीयों से माफी भी मांगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राज ठाकरे राजनीति कर रहे हैं और क्षेत्रीय आधार पर देश को बांटते हुए मराठी भाषी लोगों को मूर्ख बना रहे हैं।’’ इस बीच कांग्रेस ने भी मनसे नेता पर दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाया। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सचिन सावंत ने आज यहां कहा, ‘‘राज ठाकरे ने अंतत: अपनी गल्ती मान ली। उन्होंने वोट हासिल करने के लिए दोहरा रख अपनाया है।’’ (एजेंसी)

First Published: Tuesday, December 24, 2013, 22:25

comments powered by Disqus