Last Updated: Sunday, March 2, 2014, 10:38
ज़ी मीडिया ब्यूरोपटना : विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर जहां बिहार में जनता दल यूनाइटेड ने रविवार को बिहार बंद का आह्वान किया है, वहीं झारखंड में भी आजसू, झाविमो और जेडीयू के आह्वान पर बंद बुलाया गया है। बिहार में इस बंद का सीपीआइ, सीपीएम और समाजवादी पार्टी ने भी समर्थन किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसे सत्याग्रह का नाम दिया है और सभी वर्गो से इसमें शामिल होने की अपील की है। रविवार सुबह से ही राजधानी पटना और रांची समेत प्रदेश के तमाम शहरों में दुकाने बंद हैं। बंद का असर यातायात पर भी पड़ा है। बसों का परिचालन बंद होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रविवार को बिहार बंद के दौरान महात्मा गांधी के सविनय अवज्ञा आंदोलन से प्रेरित एक दिन का सत्याग्रह होगा। इसके तहत प्रदेश के सभी जिलों और प्रखंडों में जुलूस निकाला जा रहा है। पटना के गांधी मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता सत्याग्रह पर बैठेंगे। मुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे अपने आवास से पैदल मार्च करते हुए गांधी मैदान पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री शाम छह बजे तक सत्याग्रह पर बैठेंगे और लोगों को संदेश भी देंगे।
इससे पहले शनिवार सुबह जेडीयू के नेता-कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश में प्रभात फेरी निकाली और शाम सात बजे थाली पीटकर केंद्र सरकार को आगाह किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद अपने आवास के बाहर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ थाली पीटा।
First Published: Sunday, March 2, 2014, 10:38