Last Updated: Monday, January 27, 2014, 16:14
नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी से निष्कासित विधायक विनोद कुमार बिन्नी द्वारा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर किए गए हमलों के बीच भाजपा के नेता हर्ष वर्धन ने कहा कि विधायक ने जो आरोप लगाए हैं, वह गंभीर हैं और आम आदमी पार्टी को आत्ममंथन की जरूरत है।
बिन्नी के आप से निष्कासन को पार्टी का अंदरूनी मामला बताते हुए हर्ष वर्धन ने कहा, ‘बिन्नी ने जो मुद्दे और सवाल उठाए हैं, वह गंभीर हैं और देश उनका जवाब चाहता है। केजरीवाल को आत्ममंथन करना चाहिए और इन सवालों का संजीदगी से जवाब देना चाहिए।’ आप पर अपने वादे पूरे न करने का आरोप लगाते हुए बिन्नी ने आज दिल्ली के उप राज्यपाल से भेंट की और विवादित कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
वर्धन भाजपा के अन्य विधायकों के साथ सचिवालय में केजरीवाल के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। उनकी मांगों में आधी रात में छापा मारने की घटना के सिलसिले में भारती को हटाने की मांग शामिल है।
भाजपा नेता ने कहा, ‘हमने केजरीवाल को एक खुला पत्र लिखा है, जिसमें उनसे मांग की गई है कि कानून मंत्री को हटाया जाए। हम अपनी मांग के पूरा होने तक संघर्ष करेंगे। हम इस मामले को राष्ट्रपति तक लेकर जाएंगे।’ भाजपा ने हाल ही में इस मामले में उप राज्यपाल से बात की। पार्टी ने खिड़की एक्सटेंशन इलाके में आधी रात को मारे गए छापे के दौरान मंत्री के आचरण के विरोध में राजधानी में विरोध प्रदर्शन का भी आयोजन किया। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 27, 2014, 16:14