बीरभूम गैंगरेप : महिला आयोग ने दिए जांच के आदेश, सभी आरोपियों को न्‍यायिक हिरासत में भेजा

बीरभूम गैंगरेप : महिला आयोग ने दिए जांच के आदेश, सभी आरोपियों को न्‍यायिक हिरासत में भेजा

ज़ी मीडिया ब्‍यूरो

कोलकाता : बीरभूम जिले के लाभपुर में 13 लोगों ने 20 वर्षीय एक आदिवासी लड़की से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। ये लोग दूसरे समुदाय के लड़के से लड़की के प्रेम संबंधों के खिलाफ थे। इस घटना पर संज्ञान लेते हुए पश्चिम बंगाल महिला आयोग ने कथित तौर पर जनजाति पंचायत के मुखिया के निर्देश पर आदिवासी महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

दूसरी ओर, आदिवासी महिला से सामूहिक बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए 13 व्यक्तियों को आज 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बोलपुर के उप संभागीय न्यायिक मजिस्ट्रेट पीजूश घोष ने 13 आरोपियों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं और उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

कोलकाता से करीब 180 किलोमीटर आगे बीरभूम जिले के सुबलपुर गांव में सोमवार रात जनजातीय महिला (20 वर्ष) से 12-13 लोगों ने कथित तौर से सामूहिक दुष्कर्म किया। इस मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

महिला आयोग की अध्यक्ष सुनंदा मुखर्जी ने कहा कि हमने मामले का स्वत: संज्ञान लिया है। मामले की जांच चल रही है। हम इसका पूरा ध्यान रखेंगे कि दुष्कर्म करने का आदेश देने वाले जनजातीय मुखिया सहित बाकी अपराधियों को सख्त से सख्त सजा मिले।

इस बीच, जनजातीय मुखिया सहित 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी पीड़िता के परिवार द्वारा बुधवार रात शिकायत दर्ज कराने के बाद हुई। (एजेंसी इनपुट के साथ)

First Published: Thursday, January 23, 2014, 14:12

comments powered by Disqus