विरोध के बाद भाजपा ने खारिज की मुतालिक की सदस्यता

विरोध के बाद भाजपा ने खारिज की मुतालिक की सदस्यता

विरोध के बाद भाजपा ने खारिज की मुतालिक की सदस्यता  ज़ी मीडिया ब्यूरो

हुबली (कर्नाटक) : भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को श्री राम सेना के विवादित प्रमुख प्रमोद मुतालिक की पार्टी सदस्यता खारिज कर दी। मुतालिक को रविवार को भाजपा में शामिल किया गया था। पार्टी के इस कदम का चारों तरफ विरोध होने पर भाजपा ने मुतालिक की सदस्यता खारिज कर दी। मुतालिक को भाजपा में शामिल किए जाने पर कांग्रेस ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और कहा कि महिलाओं के अधिकारों के मुद्दे पर भगवा पार्टी का पर्दाफाश हो गया है।

इससे पहले भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख प्रह्लाद जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार और पूर्व उप मुख्यमंत्री के एस ईश्वरप्पा ने यहां एक कार्यक्रम में मुतालिक का स्वागत किया। मुतालिक ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि वह भाजपा में शामिल हुए हैं क्योंकि उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नरेंद्र मोदी अगले प्रधानमंत्री बनें।

वह 2009 में उस समय चर्चा में आए थे जब उनके दक्षिणपंथी संगठन के कार्यकर्ताओं ने मेंगलूर में एक पब में महिलाओं और पुरुषों पर हमला किया था। संगठन का आरोप था कि उन लोगों का आचरण ‘अश्लील’ था। उस घटना के बाद मुतालिक को गिरफ्तार किया गया था और उनका दावा था कि उनकी कार्रवाई ‘महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर’ थी। कर्नाटक के तत्कालीन मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने कहा था कि राम सेना का भाजपा या संघ परिवार से कोई लेनादेना नहीं है। (एजेंसी इनपुट के साथ)

First Published: Sunday, March 23, 2014, 19:07

comments powered by Disqus