Last Updated: Saturday, March 22, 2014, 22:28

प्रतापगढ़ (उप्र) : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए उसपर ‘कलह की राजनीति’ करने का आरोप लगाया और शिवसेना के साथ उसके गठबंधन पर सवाल उठाया। उन्होंने गुजरात में विकास के नरेन्द्र मोदी के दावों को भी खारिज किया।
लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश में यहां कांग्रेस के गढ़ में पहली रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने भाजपा पर सूचना का अधिकार कानून और भूमि अधिग्रहण विधेयक जैसी पहलों को बाधित करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन पहलों का मकसद आम आदमी को उसकी अपनी समस्याएं सुलझाने की ताकत देना था। अपनी 20 मिनट की तकरीर में राहुल गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि भाजपा लोगों को मजबूत बनाने में भरोसा नहीं रखती। उसकी नीति लोगों की ताकत छीनने और उसे एक व्यक्ति के हाथों में सौंपने की है।
उन्होंने कहा, ‘उनके नेता ऐसा आभास देना चाहते हैं कि गुजरात में विकास उनकी निजी उपलब्धि है। वह लाखों लोगों और खासतौर से गुजरात के सुदूर गांवों में रहने वाली महिलाओं के प्रयासों से अनजान नजर आते हैं, जिनके कठिन परिश्रम से अमूल जैसी सफल कहानियां बन पार्इ।’ उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस की विचारधारा वैसी नहीं है। कांग्रेस चाहती है कि लोगों के पास जो शक्ति है वह उनके ही पास रहे और उन्हें अपनी किस्मत बनाने का मौका मिले।’
राहुल ने कहा, ‘कांग्रेस उनकी (भाजपा) कलह की राजनीति में विश्वास नहीं करती, एक को दूसरे के खिलाफ उतारने की राजनीति। हम सभी धर्मों, जातियों और समुदायों के लोगों में शांति और प्रेम को बढ़ावा देने में भरोसा करते हैं।’ मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा, ‘मुझे जिले के लोगों ने बताया कि बाहर से आए भाड़े के बदमाश दंगों में शामिल थे और स्थानीय लोगों को इसके सामाजिक और आर्थिक परिणाम भुगतने पड़े।’
उत्तर प्रदेश में अमेठी से सांसद राहुल ने कहा कि उत्तर प्रदेश को इस तरह की विघटनकारी प्रवृत्तियों से निजात पाने की जरूरत है। अगर राज्य में शांति और सौहार्द कायम हो जाए तो यह खुशहाली के ऐसे मुकाम पर पहुंच जाएगा कि महाराष्ट्र और गुजरात से ही नहीं इंग्लैंड जैसे आधुनिक देशों से भी लोग अपनी आर्थिक बेहतरी के लिए राज्य में आएंगे। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने भाजपा के प्रचार अभियान की खिल्ली उड़ाते हुए कहा, ‘जब कुप्रचार की बात आती है तो हम (कांग्रेस) वाकई उनसे पीछे हैं। लेकिन यह भी उतना ही सच है कि जब जनता से किए गए वादे पूरे करने की बात आती है तो वह हमसे पीछे हैं।’ भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा अकसर कांग्रेस को निशाने पर लेती है, इस बारे में हवा का रूख विपक्ष की तरफ मोड़ते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आरटीआई कानून और लोकपाल लाकर भ्रष्टाचार पर प्रहार किया है।
राहुल ने दावा किया, ‘हम लोकपाल लाए, जिसे उन्होंने रोकने का प्रयास किया। दूसरी तरफ वह भ्रष्टाचार को लेकर दहाड़ें मारकर रोते हैं, लेकिन दागी मंत्रियों को गुजरात केबिनेट में रखते हैं और मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के आरोपों से आंखें मूंद लेते हैं।’ मुंबई के एक स्लम के अपने हाल के दौरे का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, ‘झुग्गी बस्ती में रहने वाले एक आदमी ने मेरा हाथ पकड़ लिया और शिव सेना कार्यकर्ताओं के जुल्मो सितम और धमकियों के बारे में अपना रोष प्रकट किया।’
राहुल ने कहा, ‘भाजपा का उसी शिवसेना के साथ गठबंधन है और वह उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों से बड़ी बेशर्मी से वोट मांग रही है, जो शिवसैनिकों की ज्यादतियों का सबसे ज्यादा शिकार बनते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘कुछ दिन पहले मैंने रेल से मुंबई की यात्रा की। मैंने यह संदेश देने के लिए ऐसा किया कि देश के किसी भी भाग के लोग बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसरों की तलाश के लिए और घृणा फैलाने वाली ताकतों को हराने के लिए कहीं भी जाने के लिए स्वतंत्र हैं।’
उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस एक ऐसा माहौल बनाने में विश्वास रखती है, जहां देश के हर नागरिक को देश का हर हिस्सा अपने घर जैसा लगे।’ महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में संप्रग सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए राहुल ने कहा, ‘मैं एक ऐसे भविष्य का सपना देखता हूं, जिसमें हमारे आधे विधायक और सांसद महिलाएं हों।’ उन्होंने कहा, ‘हमारी प्रतिबद्धता महिलाओं के आरक्षण विधेयक से प्रतिबिंबित होती है, जिसे विपक्ष ने पारित नहीं होने दिया। ऐसा लगता है कि वह महिलाओं की ताकत से डरते हैं, लेकिन जब हम सत्ता में लौटेंगे तो यह सुनिश्चित करेंगे कि देश की महिलाओं को उनका जायज हक मिले। अपनी आधी आबादी को सशक्त किए बिना भारत एक महाशक्ति नहीं बन सकता।’
इलाहाबाद से 65 किलोमीटर के फासले पर स्थित प्रतापगढ़ के राम लीला मैदान में आयोजित रैली को टेस्ट क्रिकेटर मोहम्मद कैफ, अभिनेता से राजनीति में आए रवि किशन, स्थानीय सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह और पार्टी की राज्य शाखा के प्रमुख निर्मल खत्री और राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने भी संबोधित किया। अपने संबोधन में गांधी ने संप्रग सरकार द्वारा रोजगार सृजन की दिशा में किए गए प्रयासों का भी जिक्र किया और कहा, ‘हमारा अपने निर्माण क्षेत्र को इस हद तक सुधारने का उद्देश्य है कि भारत चीन से भी आगे निकल जाए।’ उन्होंने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कोरिडोर संप्रग की प्रमुख परियोजनाओं में से एक है और इसका उद्देश्य निर्माण क्षेत्र में वांछित सुधार लाना है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, March 22, 2014, 22:28