Last Updated: Tuesday, December 17, 2013, 22:08

नई दिल्ली : दिल्ली में सरकार बनाने को लेकर लगातार बने हुए गतिरोध के बीच भाजपा ने मंगलवार को कहा कि वह एक और विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। दिल्ली भाजपा के चुनाव कोर समूह की बैठक में मौजूदा हालात की समीक्षा की गयी और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई। भाजपा के दिल्ली चुनाव प्रभारी नितिन गडकरी ने बैठक में कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को दिल्लीवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत की जरूरत है।
गडकरी ने कहा कि अगर चुनाव दोबारा होते हैं तो भाजपा स्पष्ट बहुमत के साथ और अधिक मजबूत होकर उभरेगी। पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष विजय गोयल ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह कांग्रेस द्वारा समर्थन दिये जाने के बावजूद सरकार बनाने आगे नहीं आ रही।
गोयल ने एक बयान में कहा कि भाजपा के पास जरूरी संख्या नहीं है इसलिए हम सरकार नहीं बना सकते। लेकिन कांग्रेस ने आप को बिना शर्त समर्थन दिया है लेकिन उसने अब भी सरकार नहीं बनाई। उन्होंने कहा कि पार्टी ने घर घर जाकर अभियान चलाने, जनसभाएं करके और सोशल मीडिया पर अभियान चलाकर लोगों तक पहुंचने का फैसला किया है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, December 17, 2013, 22:08