मथुरा में भाजपा की विजय संकल्प रैली आज

मथुरा में भाजपा की विजय संकल्प रैली आज

लखनऊ/मथुरा : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की पश्चिमी उत्तर प्रदेश में होने वाली रैलियों से पहले जाटों का मिजाज भांपने के उद्देश्य से बुधवार को मथुरा में विजय संकल्प रैली का आयोजन किया जा रहा है।

रैली को भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी संबोधित करेंगे। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि विजय संकल्प रैली का आयोजन मथुरा के बाजना इलाके में बुधवार को हो रहा है। इस रैली में नितिन गडकरी के अलावा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी मौजूद रहेंगे। इस रैली में मथुरा, आगरा, फतेहपुर सीकरी, हाथरस और अन्य जिलों से भी लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

भाजपा के रणनीतिकारों का मानना है कि इस रैली की सफलता पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मोदी की आगामी रैलियों की सफलता की तस्दीक करेगी। सूत्रों के अनुसार, मुजफ्फरनगर में हुई हिंसा के बाद भाजपा की तरफ से पहली बार इलाके में बड़ी रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसलिए भाजपा फूंक फूंककर कदम रख रही है। उत्तर प्रदेश में विजय शंखनाद रैली के तहत मोदी की अलग-अलग शहरों में रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। मोदी अब तक कानपुर और झांसी में रैली कर चुके हैं। उनकी तीसरी रैली बहराइच में आठ नवंबर को होने वाली है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, October 30, 2013, 12:33

comments powered by Disqus