Last Updated: Friday, November 22, 2013, 19:59

नई दिल्ली : उत्तराखंड सरकार पर पलटवार करते हुए योगगुरु रामदेव ने शुक्रवार को कहा कि उनके खिलाफ दर्ज किए गए सभी 81 मामले बेबुनियाद हैं और कांग्रेस के राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा हैं।
रामदेव ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस बाबा रामदेव के साथ अपराधी और आतंकवादी के तरह बर्ताव कर रही है। वे ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि मैंने गलत कार्यों का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि मैं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को अपने साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन करने की चुनौती देता हूं। मैं उनके हर आरोप का जवाब दूंगा लेकिन कृपया झूठ मत बोलिए।
रामदेव का यह संवाददाता सम्मेलन उनके खिलाफ जमीन कानूनों के उल्लंघन एवं स्टैंप ड्यूटी की चोरी को लेकर उत्तराखंड सरकार द्वारा उनके पांतजलि योगपीठ ट्रस्ट के खिलाफ 81 मामले दर्ज करने के बाद किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले ही भ्रष्टाचार में विश्वरिकार्ड तोड़ चुकी है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने एक साधु के खिलाफ 81 मामले दर्ज कर एक नया रिकार्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि किसी मुख्यमंत्री के लिए आरोपों का सत्यापन किए बगैर ही प्रवक्ता की तरह संवाददादाता सम्मेलन करना शर्मनाक है। कांग्रेस एक दागदार व्यक्ति को किसी राज्य का मुख्यमंत्री बनाकर किस तरह का संदेश देना चाहती है। उन्होंने कहा कि बाढ़ राहत का हजारों करोड़ रूपया लोगों तक नहीं पहुंचा।
राहुल गांधी को कांग्रेस के लिए खतरनाक करार देते हुए रामदेव ने कहा कि मोदी के हिमालय जैसे व्यक्तित्व के सामने राहुल गांधी चींटी जैसे हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, November 22, 2013, 19:59