छत्‍तीसगढ़ का बुजुर्ग दुनिया का सबसे उम्रदराज व्यक्ति!

छत्‍तीसगढ़ का बुजुर्ग दुनिया का सबसे उम्रदराज व्यक्ति!

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रहने वाले बुजुर्ग ने विश्व के सबसे उम्रदराज व्यक्ति होने का दावा किया है। बुजुर्ग के मुताबिक उनकी उम्र 117 वर्ष है। कोरबा जिले के तिल्हापाई गांव में रहने वाले प्रेमसाय पटेल ने दावा किया है कि उनका जन्म 11 मई 1896 को हुआ था। इस तरह उनकी उम्र 117 वर्ष आठ माह है। हालांकि विश्व रिकार्ड के मुताबिक सबसे उम्रदराज महिला 115 वर्षीय मिसाओ ओकावा है जो जापान में रहती है।

प्रेमसाय की उम्र के सत्यापन की बात करें तो उनके पास हाल ही में बनाया गया आधार कार्ड है, जिसमें जन्मतिथि 11 मई 1896 दर्ज है। कोरबा जिले की सांख्यिकी अधिकारी मधु साहू ने बताया कि कोरबा जिले के जन्म मृत्यु के आंकड़े वर्ष 2005 से है। इससे पहले यह आंकड़े बिलासपुर मुख्यालय में उपलब्ध है। हालांकि वहां भी वर्ष 1896 के आंकड़े उपलब्ध नहीं है।

वहीं जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधिकारी पी. आर. कुंभकार ने बताया कि किसी भी मनुष्य की आयु 117 वर्ष या उससे अधिक हो सकती है। उम्र का सत्यापन बोन टेस्ट से किया जा सकता है। प्रेमसाय पटेल और उनके परिवार का दावा है कि प्रेमसाय का जन्म 11 मई 1896 को हुआ था। इस लिहाज से उनकी उम्र 117 साल आठ महीने पूरी हो गई है। इस उम्र में भी वे चुस्त हैं और आज भी वे अपना काम स्वयं करते हैं। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, February 18, 2014, 22:17

comments powered by Disqus