सांप्रदायिक संघर्ष : आंध्र के शहरों में सुरक्षा बढ़ाई गई

सांप्रदायिक संघर्ष : आंध्र के शहरों में सुरक्षा बढ़ाई गई

नलगोंडा (आंध्रप्रदेश) : नलगोंडा जिले के देवारकोंडा कस्बे में दो समुदायों के लोगों के बीच संघर्ष के एक दिन बाद पुलिस ने इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को पकड़ने के लिए आज प्रयास तेज कर दिए और शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। इस हिंसा में चार लोग घायल हो गए थे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शहर में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। नलगोंडा जिला पुलिस अधीक्षक टी. प्रभाकर राव ने बताया कि हालात अब नियंत्रण में हैं। बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से हुई। विभिन्न इलाकों में अतिरिक्त बल गश्त कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘हमने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रहे हैं। उनसे पूछताछ के आधार पर हम जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लेंगे।’ इससे पहले पुलिस ने बताया था कि यह संघर्ष धार्मिक झंड़ों को फहराने को लेकर शुरू हुआ था। इसके बाद गुटों ने एक दूसरे पर पथराव किया और लाठियों से हमला किया जिसके कारण चार लोग घायल हो गए। उप महानिरीक्षक (हैदराबाद रेंज) नवीन चंद और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी देवारकोंडा में हालात पर नजदीकी नजर रखे हुए हैं। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, October 16, 2013, 15:34

comments powered by Disqus