Last Updated: Saturday, January 11, 2014, 14:34
ठाणे : स्थानीय 32 वर्षीय एक महिला को अगवा कर, उसे गुजरात के एक परिवार के हाथों बेचने के प्रयास के आरोप में पुलिस ने एक दंपत्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आज बताया कि ठाणे जिला ग्रामीण पुलिस ने कल पालघर के रहने वाले अजय कुमार गुप्ता (28) और प्रिया विनोद बानसोडे (30) को गिरफ्तार किया।
पालघर थाना के एपीआई वाल्मीकि पाटिल के मुताबिक, यह दंपत्ति घरेलू काम के बहाने पीड़िता को पालघर से जबर्दस्ती नवसारी ले गये थे लेकिन उन्होंने उसे कुछ लोगों को सौंप दिया और वापस लौट गये।
दंपत्ति ने महिला को आश्वासन दिया था कि उसे घरेलू काम के एवज में 10,000 से लेकर 12,000 रूपये प्रति माह दिये जाएंगे। हालांकि, महिला को बाद में पता चला कि उसे नरोरा के एक परिवार के हाथों 1.30 लाख रूपये में बेच दिया गया है और वह लोग इस इलाके में किसी व्यक्ति के साथ उसकी शादी करवाना चाहते हैं।
इसके बाद, वह वहां से भागी और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। दंपत्ति के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार दंपत्ति को कल स्थानीय अदालत में पेश किया गया जिसने उसे शुक्रवार तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, January 11, 2014, 14:34