Last Updated: Friday, November 15, 2013, 10:02
गया: बिहार के नक्सल प्रभावित गया जिले के बाराचट्टी में तैनात केन्द्रीय आरक्षी पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 159 बटालियन के सहायक कमांडेंट संजय कुमार यादव को नक्सलियों के खिलाफ अभियान की सूचना उन्हें देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में इमामगंज थाना में एक मामला भी दर्ज कराया गया है। पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) अमित कुमार ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी सीआरपीएफ अधिकारी के साथ इमामगंज निवासी प्रदीप यादव को भी गुरुवार को गिरफ्तार किया गया है तथा दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों गिरफ्तार लोगों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। सीआरपीएफ अधिकारी पर नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण जानकारियां लीक करने का आरोप है। उन पर लंबे समय से निगाह रखी जा रही थी।
कुमार का दावा है कि काफी साक्ष्य इक्कट्ठा किए जाने के बाद अधिकारी की गिरफ्तारी की गई। उन्होंने बताया कि करीब तीन महीने से उनके फोन को निगरानी के दायरे में रखा गया था और जिस दौरान मामले का खुलासा हुआ। संजय मूल रूप से भोजपुर के रहने वाले हैं।
First Published: Friday, November 15, 2013, 09:19