Last Updated: Thursday, February 20, 2014, 22:31
नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में 51 वर्षीय डेनिश महिला पर्यटक से सामूहिक बलात्कार के मामले में गिरफ्तार छह आरोपियों में से एक ने आज दिल्ली की एक अदालत से कहा कि वह नपुंसक है। अदालत ने इसे स्थापित करने के लिए उसकी जांच कराने का निर्देश दिया।
अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट :एसीएमएम: सुधांशु कौशिक ने पुलिस को 55 वर्षीय श्याम लाल उर्फ भजनी को मर्दानगी की जांच कराने के लिए ले जाने और स्थिति रिपोर्ट दायर करने को कहा। अदालत ने कहा कि महिला के कथित यौन उत्पीड़न के सिलसिले में आरोपी को मर्दानगी की जांच करानी होगी। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई की तारीख 6 मार्च को निर्धारित कर दी।
एक अन्य सह आरोपी अजरुन ने दावा किया है कि वह 17 साल का है और वह किशोर है और पुलिस ने उसे जनवरी में गिरफ्तार करने के बाद से अवैध हिरासत में रखा है। उसे 21 साल का बताया जा रहा है। इस संबंध में अदालत ने पुलिस से कहा कि वह अर्जुन की उम्र की जांच करे और इस संबंध में रिपोर्ट दायर करे। दोनों ने यह बातें तब कही जब 14 दिन की न्यायिक हिरासत समाप्त होने के बाद उन्हें अदालत के समक्ष पेश किया गया।
अदालत ने छह वयस्कों महेंद्र उर्फ गंजा, मोहम्मद राजा, राजू, अर्जुन, राजू चक्का और श्याम लाल की न्यायिक हिरासत 14 दिन के लिए और बढ़ा दी। एसीएमएम ने कहा कि आरोपियों को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा जाता है। उन्हें 6 मार्च को अदालत में पेश किया जाएगा। दो किशोरों समेत आठ लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। दो किशोर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष जांच का सामना कर रहे हैं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, February 20, 2014, 22:31