Last Updated: Sunday, October 27, 2013, 21:41
नई दिल्ली : भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हषर्वर्धन ने प्याज और खाद्यान्न की कीमतों में बढोतरी के लिए आज दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि जमाखोरों के खिलाफ कार्रवाई में सरकार की विफलता के कारण ऐसे हालात बने हैं।
हर्षवर्धन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी के लिए 99 फीसदी जमाखोरी जिम्मेदार है जबकि केवल एक प्रतिशत वजह मांग एवं आपूर्ति का अंतर है। दिल्ली भाजपा प्रमुख विजय गोयल, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार मल्होत्रा और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हर्षवर्धन ने कहा कि सत्ता में आने पर भाजपा खाद्य मूल्य आयोग बनाएगी जो राजनीतिक एवं नौकरशाही हस्तक्षेप से मुक्त होगा और सीधे मुख्यमंत्री के तहत खाद्य कीमतों को रोकने के लिए मंडियों की निगरानी करेगा।
उन्होंने कहा कि अच्छे कृषि उत्पादन के बावजूद देश में महंगाई बढ़ी है। कांग्रेस पर जमाखोरों से मिलीभगत करने का आरोप मढ़ते हुए हर्षवर्धन ने कहा कि सरकार जमाखोरों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने सवाल किया कि प्याज संकट शुरू होने के बाद से कितने जमाखोर दिल्ली में गिरफ्तार किये गये।
महंगाई के लिए हर्षवर्धन ने केन्द्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संप्रग की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री कहते हैं कि कीमतों पर नियंत्रण करना राज्य की जिम्मेदारी है लेकिन महंगाई की वजह केन्द्र सरकार की निष्क्रियता, भ्रष्टाचार और अकुशलता है। खाद्य मुद्रास्फीति खाद्य सुरक्षा पर असर डालती है और यदि भाजपा सत्ता में आयी तो दिल्ली खाद्य सुरक्षा का मॉडल तैयार करेगा, जिसे ‘दिल्ली मॉडल’ के नाम से जाना जाएगा। (एजेंसी)
First Published: Sunday, October 27, 2013, 21:41