Last Updated: Sunday, June 1, 2014, 21:04
नई दिल्ली : चुनाव में कांग्रेस की हार के आलोक में राहुल गांधी की हो रही आलोचना के बीच पार्टी की दिल्ली इकाई ने प्रभावी चुनाव अभियान के लिए आज उन्हें और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को धन्यवाद दिया और उनके नेतृत्व में पूर्ण विश्वास प्रकट किया।
दिल्ली कांग्रेस के वर्तमान और पूर्व विधायकों की एक बैठक में इस आशय का प्रस्ताव पारित किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने उसकी अध्यक्षता की। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने कहा, ‘बैठक में सोनियाजी और राहुलजी को उनके जोरदार अभियान के लिए धन्यवाद दिया गया और उनके नेतृत्व में पूर्ण विश्वास प्रकट किया गया।’
शर्मा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने अपनी इस बैठक में आम आदमी पार्टी को फिर सरकार बनाने के लिए समर्थन नहीं देने का भी निर्णय लिया। उन्होंने कहा, ‘हमने आप को फिर सरकार बनाने के लिए उसे समर्थन नहीं देने का निर्णय लिया है। अरविंद केजरीवाल दिल्ली की जनता को छोड़कर चले गए और पार्टी महसूस करती है कि उन्हें फिर दिल्ली चलाने का दूसरा अवसर नहीं दिया जाना चाहिए।’ (एजेंसी)
First Published: Sunday, June 1, 2014, 21:04