Last Updated: Monday, December 30, 2013, 12:05
ज़़ी मीडिया ब्यूरोनयी दिल्ली : राजधानी दिल्ली में सोमवार को सीजन का सबसे कम तापमान रिकॉर्ड किया गया । दिल्ली में सोमवार का तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि शनिवार को यह तापमान 4.9 डिग्री और शुक्रवार को 4.5 डिग्री सेल्सियस था। सामान्य के मुकाबले दिल्ली में 5 डिग्री कम तापमान आज रिकार्ड किया गया है। इस तरह से दिल्ली में पिछले 10 साल के ठंड का रिकॉर्ड टूट गया है।
पूरे उत्तर भारत में ठंड से लोगों की ठिठुरन बढ़ गई है। हालांकि दिल्ली में आज आसमान साफ है और कुहरा भी नहीं है लेकिन ठंड और कंपकपी से लोगों का हाल बेहाल है। माना जा रहा है कि आनेवाले दिनों में ठंड और ठिठुरा सकती है। जबकि हरियाणा के सोनीपत और हिसार में पारा शून्य तक जा पहुचा है।
सुबह आसमान साफ रहेगा, लेकिन बाद में हल्के बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाके में हल्की बारिश की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह 8.30 बजे वातावरण में आर्द्र्ता100 फीसदी दर्ज की गई। उत्तर रेलवे के अनुसार कोहरे की वजह से 13 रेलगाड़ियां नियत समय से देरी से चल रही हैं।
इधर, रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
First Published: Monday, December 30, 2013, 08:55