आंध्र प्रदेश में उल्लास के साथ मना ईद-उल-जुहा पर्व

आंध्र प्रदेश में उल्लास के साथ मना ईद-उल-जुहा पर्व

हैदराबाद : आंध्र प्रदेश में बुधवार को ईद-उल-जुहा का पर्व राज्यभर में धार्मिक सौहार्द और उल्लास के साथ मनाया गया। हैदराबाद सहित राज्य के सभी 22 जिलों में सुबह सवेरे मुस्लिम समुदाय के लोगों को सज धज कर ईदगाह और मस्जिदों में नमाज पढ़ने के लिए जाते देखा गया। नमाज के बाद लोगों ने पैगंबर इब्राहिम के महान बलिदान की याद में बकरे या दूसरे हलाल जानवरों की बलि दी।

बकरीद या ईद-ए-कुर्बान के नाम से भी जाना जाने वाला ईद-उल-जुहा पर्व मुस्लिमों का दूसरा बड़ा त्योहार है। इस अवसर पर मुस्लिम धर्मावलंबियों को पैगंबर इब्राहिम के पदचिन्हों पर चलने और कुरान को मानने का संदेश दिया गया। कुर्बानी का मांस पड़ोसियों, रिश्तेदारों और गरीबों को बांटे जाने के साथ मीठे पकवानों के साथ एक दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद भी दी गई।

हैदराबाद की ऐतिहासिक मीर आलम ईदगाह में सबसे ज्यादा जनसमूह इकट्ठा हुआ, जहां 200,000 से भी ज्यादा लोगों ने एक साथ बकरीद की नमाज अदा की। आंध्र प्रदेश के निजामाबाद, करीमनगर, नालगोंडा, महबूबनगर, अदिलाबाद, वारंगल, विजयवाड़ा, कुर्नूल, कडपा, अनंतपुर, गुंटुर और दूसरे शहरों में भी बड़ी संख्या में लोगों ने ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की। मस्जिद के इमामों ने नमाज अदा करने से पहले अपने प्रवचनों में देश में शांति और सौहार्द कायम रहने की दुआ की। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, October 16, 2013, 12:14

comments powered by Disqus