Last Updated: Saturday, December 21, 2013, 19:00
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ‘जीरो टालरेंस भ्रष्टाचार मिशन’ नए मंत्रिमंडल के गठन के बाद असफल होने का आरोप लगाते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने आज यहां कहा कि मुख्यमंत्री की कथनी-करनी के इस अंतर के कारण 23 मंत्रियों में आठ मंत्री दागी हैं और उनमें से मंत्रियों के खिलाफ लोकायुक्त में जांच भी लंबित है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि चौहान ने शपथ लेने के बाद ‘जीरो टालरेंस भ्रष्टाचार मिशन’ की बात कही थी। उनका यह मिशन मंत्रिमंडल के गठन के बाद उजागर हो गया। तीसरी बार फिर उनकी कथनी-करनी में अंतर दिखाई देने लगा।
सिंह ने कहा कि जिन आठ मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया उनमें से चार मंत्रियों के खिलाफ लोकायुक्त में मामला दर्ज है जबकि एक मंत्री के खिलाफ लोकायुक्त में पुलिस भर्ती में भ्रष्टाचार की जांच लंबित है। सिंह ने कहा कि मामलों के साथ ही खनिज घोटाले एवं रिश्वत लेने के आरोपी भी मंत्री बनाए गए हैं। एक मंत्री के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला अदालत में है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मिटाने और खत्म करने की मुख्यमंत्री की मंशा कितनी ईमानदार है इसकी कलई खुल गई है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, December 21, 2013, 19:00