फैशन डिजायनिंग की छात्रा से `चाचा` ने किया बलात्कार

फैशन डिजायनिंग की छात्रा से `चाचा` ने किया बलात्कार

ज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली: दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में फैशन डिजायनिंग की एक छात्रा से बलात्कार का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवती लखनऊ की रहने वाली है। आरोपों के मुताबिक लड़की के परिचित शख्स (जो रिश्ते में चाचा लगता है) ने 13 फरवरी को उसके साथ चाणक्यपुरी के जिमखाना क्लब में रेप किया।

पीड़ित लड़की की उम्र 19 साल बताई जा रही है और वह पश्चिमी दिल्ली में पढ़ाई कर रही है। युवती की शिकायत पर चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने उसके रिश्ते में चाचा के खिलाफ दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जिमखाना क्लब के सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर लिए हैं।

पुलिस के मुताबिक छात्रा दिल्ली में मायापुरी के एक इंस्टीट्यूट से फैशन डिजायनिंग का कोर्स कर रही है। इसी दौरान एक दिन छात्रा के रिश्ते में लगनेवाला चाचा किसी काम से दिल्ली आया था। उसने युवती को फोन कर अपने पास बुलाया और चाणक्यपुरी स्थित जिमखाना क्लब में ले जाकर बलात्कार किया। छात्रा ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर रिश्ते में लगने वाले उसके चाचा ने जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद युवती को लेकर संदीप लखनऊ चला गया। वहां जाकर युवती ने कुछ दिन बाद अपने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों के कहने पर युवती ने बीते 19 फरवरी को लखनऊ से वापस दिल्ली लौटकर चाणक्यपुरी थाने में मामला दर्ज करवाया। युवती का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस 22 फरवरी को संदीप के घर लखनऊ पहुंची तो वहां ताला जड़ा हुआ था। परिवार के सभी सदस्य फरार थे।

कल देर शाम कई सामाजिक संगठनों ने भी आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए विरोध प्रदर्शन किया। लखनऊ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लुकआट नोटिस जारी किया है। दिल्ली पुलिस के साथ लखनऊ पुलिस भी आरोपी की तलाश में जुटी है।

First Published: Thursday, February 27, 2014, 11:47

comments powered by Disqus