Last Updated: Monday, October 21, 2013, 18:17
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को उन्नाव के डौंडियाखेड़ा में एक सपने के आधार पर खजाने खोजने के लिए खुदाई करने को बकवास करार देते हुए कहा कि पुरातत्व की चीजें सोने से ज्यादा महंगी हैं। पटना में जनता दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा `डौंडियाखंड़ा में जो कुछ हो रहा है वह बकवास है। सपने के आधार पर खजाने की खोज करने से पूरे देश में गलत संदेश गया है।` अगर पुरातत्व की चीजें खोजने के लिए खुदाई होती तो बात अलग थी।
उन्होंने छोटे नमूने के आधार पर इन दिनों हो रहे चुनावी सर्वेक्षणों को भी खारिज कर दिया। उन्होंने इन चुनावी सर्वेक्षणों को मनोरंजन कार्यक्रम बताते हुए कहा कि यह सर्वेक्षण केवल 4000 लोगों के नमूना आकार पर आधारित होता है और इसमें तथ्यों पर ध्यान नहीं रखा जाता है। उन्होंने कहा `भारत में दो धुरी वाला राजनीतिक ढांचा नहीं है बल्कि बहुदलीय राजनीतिक ढांचा है, इस कारण यह सर्वेक्षण सही नहीं है।`
अगले लोकसभा चुनाव में जनता दल (युनाइटेड) के उम्मीदवारों के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह काम राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष का है, इसके बीच में वे कहीं नहीं हैं। (एजेंसी)
First Published: Monday, October 21, 2013, 18:17