Last Updated: Tuesday, June 10, 2014, 23:35
जयपुर : जयपुर के अशोक नगर थाना पुलिस ने जयपुर नगर निगम के पूर्व मेयर पंकज जोशी की ओर से पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुये 2.56 करोड के 108 एम्बुलैंस सर्विस घोटाले में पेश किये परिवाद की जांच के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, जिगित्जा हैल्थ केयर के कर्ताधर्ता सचिन पायलट (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष) राजस्थान के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एमामुददीन खान समेत छह लोगों के खिलाफ आज मामला दर्ज किया है। अशोक नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जांच के लिए मामला सीआईडी सी बी को भेज दिया है।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस मामले पर कहा ‘ इस तरह के निर्णय मुख्यमंत्री स्तर पर नहीं होते है जबकि सचिन पायलट ने भाजपा सरकार पर दुर्भावना और बदले की भावना से उन्हें बदनाम करने की साजिश का आरोप लगाया है।
अनुसंधान अधिकारी सावंत सिंह ने बताया कि जोशी ने पिछले वर्ष 31 जुलाई को एक शिकायत दर्ज कराई थी और पूर्व मुख्य मंत्री अशोक गहलोत और स्वास्थ्य मंत्री ए ए खान द्वारा राज्य में 108 एम्बुलैंस सर्विस प्रदाता कम्पनी जिगित्जा हैल्थकेयर कम्पनी को 2010-11 में टेंडर में फायदा पहुंचाने के लिये पक्ष लिया था। उन्होंने बताया कि कम्पनी को 2.56 करोड रूपये ज्यादा के बिलों का भुगतान किया गया था।
उन्होंने बताया कि मामला जिगित्जा हैल्थ कैयर के सह संस्थापक और पूर्व केन्द्रीय मंत्री व्यालार रवि के पुत्र रवि कृष्णा, निदेशक सचिन पायलट (वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष), पूर्व केन्द्रीय मंत्री पी चिदम्बरम के पुत्र कार्तिक चिदम्बरम , राजस्थान के पूर्व मुख्य मंत्री अशोक गहलोत, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ए ए खान, श्वेता मंगल, शफी माथेर और निदेशक एन आर एच एम के विरूद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधडी), 467 (जालसाजी), 468 (धोखाधडी के लिये जालसाजी), 471, और 120 (बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, June 10, 2014, 23:35