पंजाब में कोहरे से जनजीवन प्रभावित, दो की मौत

पंजाब में कोहरे से जनजीवन प्रभावित, दो की मौत

चंडीगढ : पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर आज कोहरा देखने को मिला जिससे दृश्यता स्तर कम हो जाने के कारण भटिंडा में हुई दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और अंबाला के निकट कई लोग घायल हो गए।

थाना प्रभारी अवतार सिंह ने बताया कि भटिंडा में एक वाहन के सामने से आ रही एक बस से टकरा जाने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अंबाला के निकट पंजाब-हरियाणा सीमा पर एक वाहन के पलट जाने से उसमें सवार एक कंपनी के सात कर्मी घायल हो गए।

सूत्रों ने बताया कि कोहरे के कारण दोनों राज्यों में कुछ अन्य स्थानों पर भी मामूली दुर्घटनाएं हुईं। मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर, लुधियाना, करनाल और हिसार में कोहरे की चादर देखने को मिली जबकि चंडीगढ में भी 8.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ धुंध छाई रही।

दोनों राज्यों में ठंड बढ गई है। लुधियाना में राज्य का सबसे कम 5.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जबकि अमृतसर में छह डिग्री और पटियाला में 7.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हरियाणा में हिसार में तापमान सबसे कम रहा। हिसार में 5.8 डिग्री, अंबाला में 8.5 डिग्री और करनाल में 6.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। (एजेंसी)

First Published: Monday, December 16, 2013, 16:48

comments powered by Disqus