Last Updated: Wednesday, October 30, 2013, 22:39
श्रीनगर : जम्मू कश्मीर में अगले साल होने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों के पहले राज्य की कई राजनीतिक पार्टियों ने आज पीपुल्स यूनाइटेड फ्रंट बनाए जाने की घोषणा की जो प्रदेश का तीसरा मोर्चा होगा। इस मोर्चे की घोषणा शेर-ए-कश्मीर नगर निगम पार्क में आयोजित रैली में हुई।
नए मोर्चे की एक घटक माकपा के राज्य सचिव एम वाई तारिगामी ने रैली में कहा कि यह जम्मू कश्मीर के लोगों के लिए वैकल्पिक नीतियां मुहैया कराने का वैकल्पिक मंच है और यह सिर्फ चुनाव के लिए नहीं है। तारिगामी ने कहा कि वह बुद्धिजीवियों, सिविल सोसाइटी और समान सोच वाले राजनीतिक समूहों और नेताओं से समर्थन मांगेंगे।
मोर्चा में सपा, लोजपा, भाकपा की राज्य इकाइयां शामिल हुयी हैं। राज्य में 2014 के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। मोर्चे के नेताओं ने भारत और पाकिस्तान से जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा और अंतरराट्रीय सीमा पर तनाव समाप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने दोनों देशों के बीच बातचीत बहाल किए जाने का भी आह्वान किया ताकि कश्मीर मुद्दे का सम्मानजक हल हो सके। उन्होंने विवादित सशस्त्र बल विशेषाधिकार कानून वापस लिए जाने की भी मांग की। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, October 30, 2013, 22:39