Last Updated: Friday, February 28, 2014, 15:21
हैदराबाद/ भुवनेश्वर: ओड़िशा के पर्यटन मंत्री महेश्वर मोहंती पर हुए हमले के मामले में ओड़िशा और आंध्र प्रदेश की संयुक्त पुलिस टीम ने अनंतपुर जिले के पुट्टापर्थी शहर में चार संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आज यह जानकारी दी। अनंतपुर के पुलिस अधीक्षक एस सेंथिल कुमार ने कहा कि ओड़िशा के मंत्री पर हमले में शामिल चार संदिग्धों के बारे में सूचना मिली थी कि वे एक लॉज में छिपे हुए हैं। इस सूचना पर स्थानीय पुलिस ने ओड़िशा की एक पुलिस टीम के साथ लॉज में छापा मारा और कल रात चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
कुमार ने कहा कि ओड़िशा पुलिस चारों लोगों को अपने साथ ले गयी है। उन्होंने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि वे चारों माओवादी नहीं हैं। मीडिया की कुछ खबरों में कहा गया था कि गिरफ्तार किए गए चारों लोग माओवादी हैं।
अज्ञात हमलावरों ने 21 फरवरी को 59 वर्षीय मोहंती पर उस समय हमला किया था जब वह पुरी में दोपहिया वाहन से अपने घर लौट रहे थे। पुरी उनका पैतृक शहर है और वह विधानसभा में वहीं का प्रतिनिधित्व करते हैं। कुमार ने कहा कि मोहंती की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, February 28, 2014, 15:21