Last Updated: Saturday, December 7, 2013, 15:19
लुधियाना: अपनी शादी से कुछ ही समय पहले दुल्हन वाला मेक-अप करवाने ब्यूटी पार्लर गई लड़की के चेहरे पर एक युवक ने तेजाब डाल दिया। पुलिस ने कहा कि बरनाला की निवासी इस 22 वर्षीय पीड़िता को तत्काल ही डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जाती है।
लुधियाना के पुलिस आयुक्त एन एस ढिल्लो ने कहा कि 25 वर्षीय आरोपी युवक ब्यूटी पार्लर के बाहर खड़े किए गए वाहन पर सवार होकर भाग निकला। यह ब्यूटी पार्लर सराभा नगर इलाके में है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि पीड़िता के परिवार से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लड़के का परिवार भी बरनाला में ही रहता है।
ढिल्लों ने कहा कि यह लड़का पीड़िता लड़की को फोन करके धमकी देता था कि या तो वह उससे शादी कर ले या फिर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे। पुलिस ने कहा कि यह लड़का पीड़िता की सहेली का भाई है। उन्होंने यह भी कहा कि लड़के को पकड़ने के लिए पुलिस दल बरनाला रवाना कर दिया गया है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, December 7, 2013, 15:19