Last Updated: Wednesday, November 6, 2013, 14:57
पणजी : गोवा सरकार जल्द ही मामूली अपराधों के आरोपी नाइजीरियाई नागरिकों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर देगी ताकि जरूरी दस्तावेज पेश करने के बाद उन्हें उनके देश वापस भेजा जा सके।
मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर ने संवाददाताओं से कहा कि उनकी आसान वापसी सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार राज्य में रह रहे नाइजीरियाई नागरिकों के खिलाफ दर्ज कई मामूली मामलों को वापस लेगी। उन्होंने कहा कि हालांकि सरकार जघन्य अपराधों के लिए माफी नहीं देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘बहुत सारे नाइजीरियाई नागरिक यहां हैं क्योंकि उनके खिलाफ (कई अपराधों को लेकर) मामले चल रहे हैं जो उनकी वापसी की प्रक्रिया में बाधा बन जाते हैं।’ उन्होंने कहा कि नाइजीरियाई नागरिकों के खिलाफ आरोप हटा लिए जाएंगे और संबंधित न्यायाधीश की मंजूरी के बाद उन्हें उनके देश वापस भेजा जाएगा।
पार्रिकर ने कहा, लेकिन दोषी लोगों को अपनी पूरी सजा काटनी होगी। उन्होंने कहा कि गोवा सरकार पहले ही अलग-अलग देशों के 13 नागरिकों को उनके देश वापस भेज चुकी है। इन लोगों पर इस साल राज्य में अधिक समय तक रहने के मामले दर्ज थे।
पिछले हफ्ते नाइजीरियाई नागरिकों के एक समूह ने पणजी के पास राजमार्ग पर हंगामा किया था जिसके बाद सरकार ने राज्य में अवैध रूप से रह रहे इन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू की थी। यह समूह अपने एक साथी की हत्या को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहा था।
First Published: Wednesday, November 6, 2013, 14:57