Last Updated: Thursday, January 30, 2014, 10:08
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा को हटाया जाना अब लगभग तय माना जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर उनके उत्तराधिकारी के नाम पर चर्चा की है। माना जा रहा है कि उनकी जगह हरीश रावत उत्तराखंड के अगले मुख्यमंत्री बन सकते हैं।
विजय बहुगुणा को हटाने के लिए पार्टी आलाकमान पर दबाव बढ़ता जा रहा है। इस वजह से बुधवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को अहम बैठक बुलवानी पड़ी। बैठक के बाद पार्टी सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री के बारे में फैसला जल्द लिया जाएगा।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक विजय बहुगुणा के खिलाफ असंतोष बढ़ता ही जा रहा है। राज्य के नेता दो टूक शब्दों में आलाकमान को यह चेतावनी दे चुके हैं कि अगर मुख्यमंत्री नहीं बदला गया तो वहां पार्टी का सूपड़ा साफ हो जएगा।
पिछले लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उत्तराखंड की सभी पांच सीटों पर जीत हासिल की थी। इनमें से एक विजय बहुगुणा की भी थी।
मुख्यमंत्री पद पर हरीश रावत के दावे को देखते हुए उनका विरोधी गुट विधायकों में से ही किसी को मंत्री बनाए जाने की मांग कर रहा है। वहीं इंदिरा हृदयेश ने अपना दावा ठोकते हुए कहा है कि वे 1974 से संसदीय राजनीति में हैं वे खुद को भी इस पद के काबिल समझती हैं। कांग्रेस, व लोगों के लिए कोई भी जिम्मेदारी संभालने को तैयार हैं।
गौर हो कि राज्य विधानसभा में कांग्रेस के 33 सदस्य हैं और उसे सात सदस्यीय प्रगतिशील लोकतांत्रिक मोर्चा का समर्थन प्राप्त है जिसमें बसपा के तीन, तीन निर्दलीय और उत्तराखंड क्रांति दल का एक विधयक शामिल है। बाकी 30 विधायक भाजपा के हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Thursday, January 30, 2014, 10:08