भारी दबाव का क्षेत्र ‘फैलिन’ चक्रवात में तब्दील हुआ

भारी दबाव का क्षेत्र ‘फैलिन’ चक्रवात में तब्दील हुआ

भुवनेश्वर: ओड़िशा और आंध्र प्रदेश के उपर भारी दबाव वाला क्षेत्र ‘भीषण चक्रवाती तूफान’ उत्तरी अंडमान निकोबार द्वीप समूह को पार करने के बाद ‘फैलिन’ चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया।

मौसम विभाग के बुलेटिन में कहा गया कि अगले 12 घंटों में यह चक्रवाती तूफान का रूप लेकर 12 अक्तूबर की रात को कलिंगपत्तनम और पारादीप के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट को ‘175-185 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की हवाओं के साथ’ पार करेगा।

ओडिशा सरकार ने हाई अलर्ट जारी कर दिया और 14 जिलों में कर्मचारियों की दशहरा की छुट्टियां रद्द कर दीं। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कलेक्टरों से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा।

बालेश्वर, भद्रक, मयूरभंज, क्योंझर, ढेंकनाल, जाजपुर, कटक, केन्द्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, पुरी, खुरदा, नयागढ़, गंजाम और गजपति जिलों में अलर्ट जारी किया गया।

राजस्व मंत्री सूर्य नारायण पात्र ने कहा कि 10 अक्तूबर से 14 जिलों में ओडिशा आपदा प्रतिक्रिया बल तैनात करने का फैसला किया गया है। उन्होंने निर्देश दिया कि आपदा प्रतिक्रिया बल और दमकलकर्मी अभ्यास करें। पात्र ने लोगों से अपील की कि वे घबरायें ही क्योंकि सरकार चक्रवात से निबटने के लिए सभी संभव उपाय कर रही है।

इससे ओडिशा सरकार ने केन्द्रीय गृह मंत्रालय से राहत एवं बचाव अभियानों के लिए हेलीकाप्टर तैयार रखने के लिए कहा था। विशेष राहत आयुक्त पीके महापात्र ने कहा कि अधिकारियों से चक्रवात आश्रयों में खाद्य एवं राहत सामग्री का भंडार रखने के लिए कहा। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि चक्रवात की स्थिति पर कल यहां कैबिनेट की बैठक होने की संभावना है।

उधर, कोलकाता से प्राप्त खबर के अनुसार, पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में लोग बारिश की बूंदों के बीच दुर्गा पूजा मना रहे हैं और मौसम विभाग ने 12 अक्तूबर तक पड़ोसी राज्य ओड़िशा में भीषण चक्रवात आने का पूर्वानुमान लगाया है। क्षेत्रीय मौसम विभाग के प्रभारी संजीव बंदोपाध्याय ने कोलकाता में कहा कि चक्रवात का कोई सीधा असर होने की संभावना नहीं है। इस चक्रवात के 12 अक्तूबर की रात तक कलिंगपत्तनम और पारादीप के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट पर पहुंचने की संभावना है जिसके कारण निश्चित रूप से बारिश होगी। (एजेंसी)




First Published: Wednesday, October 9, 2013, 22:46

comments powered by Disqus