Last Updated: Monday, March 17, 2014, 14:03

वृंदावन/मथुरा: भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा, वृंदावन में रविवार से ही होली का सुरूर चढ़ हुआ है। पूरे क्षेत्र में स्थित मंदिरों में रंगों और प्रार्थनाओं का दौर जारी है। वृंदावन के मंदिरों में जोर-शोर से गुलाल उड़ रहे हैं। मूर्तियों पर फूलों की पंखुड़ियों की वर्षा हो रही है। होली समारोह का मुख्य स्थल बाके बिहारी मंदिर बना हुआ है।
मथुरा में होली द्वार से द्वारकाधीश मंदिर तक होली की धूम है। लोग एक-दूसरे को रंग-अबीर लगा रहे हैं और होली की बधाइयां दे रहे हैं। गोवर्धन से बरसाना, नंदगांव और यमुना पार गोकुल-महावन तक होली का पूरा माहौल है और लोग पूरे उत्साह के साथ इस त्योहार को मना रहे हैं।
सूर्य की चटख रोशनी में सरसों के खेत फूलों से लहलहा रहे हैं, और होली के रंग में अतिरिक्त रंग जमा रहे हैं। किसान अतर सिंह ने कहा कि इस क्षेत्र के किसानों ने बारिश और ओला वृष्टि से बहुत नुकसान उठाया है। लेकिन त्योहार पर नुकसान बहुत असर नहीं दिखता।
आगरा में विदेशी पर्यटक होली के हुड़दंगियों को उत्सुकता के साथ देख रहे हैं। कुछ विदेशी पर्यटक होली के इस उत्सव में स्वयं शामिल होकर लोगों को रंग-गुलाल लगा रहे हैं। (एजेंसी)
First Published: Monday, March 17, 2014, 14:03