ऑनर किलिंग: भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने खाप का किया बचाव

ऑनर किलिंग: भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने खाप का किया बचाव

चंडीगढ़ : खाप पंचायतों का जोरदार बचाव करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आज कहा कि वे झूठी शान के लिए हत्याओं (ऑनर किलिंग) का आदेश नहीं देतीं और अधिकतर ऐसे मामलों में लड़का या लड़की के संबंधी शामिल होते हैं। हुड्डा ने ऐसे अपराधों को अंजाम देने वाले लोगों की मानसिकता बदलने की जरूरत पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ऐसी हत्याओं के पीछे लड़का या लड़की के अभिभावक या करीबी संबंधी होते हैं। लोगों की मानसिकता बदलने की जरूरत है। खाप पंचायतें ऐसी हत्याओं का आदेश नहीं देतीं। उन्होंने कहा, कोई भी व्यक्ति जो कानून अपने हाथ में लेता है, उसके साथ कानून के अनुसार बर्ताव किया जाएगा। कम लिंग अनुपात को लेकर चर्चा में रहे हरियाणा में पिछले एक महीने के दौरान ऐसी कई घटनाएं हुयी हैं। हालिया घटना रोहतक की है जहां कालेज में पढ रहे जोड़े की कथित रूप से लड़की के परिवार के सदस्यों ने हत्या कर दी थी। दोनों परिवार उनके बीच के संबंधों के खिलाफ था।

हरियाणा में खाप पंचायतों की भूमिका और कुछ मामलों में ऑनर किलिंग का आदेश दिए जाने के बारे में पूछे जाने पर हुड्डा ने कहा कि खाप पंचायतें किसी की हत्या नहीं करतीं। उन्होंने कहा कि ऑनर किलिंग की घटना सिर्फ हरियाणा में ही नहीं बल्कि अन्य स्थानों पर भी होती हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या कल की कैबिनेट बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुयी थी, हुड्डा ने कहा कि यह एजेंडा में शामिल नहीं था।

उन्होंने कहा, ऑनर किलिंग हर जगह हो रही है। इसके लिए मैंने कहा है कि मानसिकता में परिवर्तन की जरूरत है। कानून अपना काम करता है। कोई भी व्यक्ति जो कानून अपने हाथों में लेता है, गुनाह करता है और उसे दंडित किया जाएगा। जब एक संवाददाता ने सवाल किया कि ऑनर किलिंग हर जगह होने की बात कहकर क्या वह इसे उचित ठहरा रहे हैं, हुड्डा ने कहा, नहीं, मेरी बातों को तोड़ मरोड़कर पेश नहीं कीजिए। मैंने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथों में लेने की इजाजत नहीं है, जो भी ऐसा करता है, उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। (एजेंसी)

First Published: Saturday, October 5, 2013, 20:11

comments powered by Disqus