Last Updated: Thursday, June 5, 2014, 14:26
देवरिया : जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र में पिपरा गांव के निकट गुरुवार सुबह पेड़ से लटकता पति-पत्नी का शव बरामद हुआ है। एक ही रस्सी में एक छोर में पति और दूसरे छोर में पत्नी के गले में फंदा लगा था।
मिली जानकारी के मुताबिक मृत युवक नागेन्द्र (27) रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बिछुआ गांव निवासी राधे का पुत्र है। मृतका संगीता (25) तरकुलवा थाना क्षेत्र के फरेना निवासी रामायण धोबी की पुत्री है। मृतका की मां के मुताबिक एक माह पूर्व दोनों की शादी हुई थी। नागेंद्र कल ही ससुराल से पत्नी ममता को लेकर घर के लिए निकला था। आज सुबह दोनों के फंदे से झूलते शव मिले।
घटना की वजह का पता नहीं चल सका है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की पुलिस जांच की जा रही है। समझा जाता है कि बीती रात किसी समय दोनों की हत्या की गई और शव पेड़ से लटका दिए गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शव के मुंह में कपड़ा और पालीथिन ठूंसा गया था और दोनों शव एक ही रस्सी से फंदा डालकर लटकाया गया था। (एजेंसी)
First Published: Thursday, June 5, 2014, 14:21