Last Updated: Wednesday, May 14, 2014, 21:54

हैदराबाद : पुराने शहर के किशनबाग इलाके में कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर धार्मिक झंडा जलाए जाने के कारण हुई सांप्रदायिक झड़प के बाद आज पुलिस की गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गयी।
पुलिस ने राजेंद्रनगर थानांतर्गत क्षेत्र में बेमियादी कर्फ्यू लगा दिया है। संघर्ष की घटना में 10 पुलिसकर्मियों समेत 17 लोग घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि एक समुदाय के लोगों ने जब एक पहाड़ी के पास खुले मैदान में एक धार्मिक झंडे को जलते हुए देखा तो तनाव की स्थिति बन गयी।
जैसे ही खबर फैली, बड़ी संख्या में मौके पर लोग पहुंचने लगे और कुछ युवाओं ने पास में एक अन्य समुदाय के इलाके में जाकर कथित तौर पर उनके घरों और वाहनों पर हमला शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक इलाके के कुछ हिस्सों से आगजनी की भी खबर है। पुलिस ने लोगों को तितर-बितर करने की कोशिश की।
कुछ देर बाद दोनों समुदायों के सैकड़ों लोग इकट्ठे हो गये और एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे कुछ पुलिसकर्मी इसमें चोटिल हो गये। यह जानकारी एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दी। पुलिस ने हालात को काबू में करने के लिए गोलीबारी की और इस दौरान कम से कम तीन लोग गोली लगने से जख्मी हो गये। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।
अधिकारी ने कहा, ‘दोनों पक्षों के करीब 1,000 लोग संघर्ष में शामिल थे। लाठीचार्ज का असर नहीं होने पर पुलिस ने संघर्ष में शामिल गुटों को चेतावनी दी और गोली चलाना शुरू कर दिया। घटना के बाद इलाके में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है और यहां साइबराबाद क्षेत्र के राजेंद्रनगर थाने में धारा-144 लगा दी गयी है।’
उन्होंने कहा, ‘हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।’ शहर पुलिस आयुक्त अनुराग शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, ‘दो समूहों के बीच दंगा भड़कने की घटना हुई और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि अब कोई अप्रिय घटना नहीं घटे।’ उन्होंने कहा, ‘हम शहर में अमन और चैन के लिए प्रयासरत हैं। कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए गश्ती वाहन दौड़ रहे हैं। हम सुनिश्चित करेंगे कि आगे इस तरह की कोई घटना नहीं घटे।’
इससे पहले आंध्रप्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) वी एस के कौमुदी ने बताया था कि अशांत इलाके में शहर पुलिस के साथ ही आरएएफ की तीन कंपनियों और आंध्रप्रदेश स्पेशल पुलिस की दो कंपनियों के साथ बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून और व्यवस्था की समीक्षा की। कुछ उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस चौकियां स्थापित की गयी हैं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, May 14, 2014, 21:54