आप को 10 सीटें भी मिल जाएं तो हैरानी: हर्षवर्धन

आप को 10 सीटें भी मिल जाएं तो हैरानी: हर्षवर्धन

इंदौर : आम आदमी पार्टी (आप) पर जनता से झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए भाजपा की दिल्ली इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन ने रविवार को कहा कि अगर आप आगामी लोकसभा चुनावों में पांच-दस सीटें भी जीत लेती है, तो उन्हें आश्चर्य होगा।

निजी यात्रा पर यहां आए हर्षवर्धन ने संवाददाताओं से कहा, ‘दिल्ली के पिछले विधानसभा चुनावों में आप को 28 सीटें इसलिये मिल गयीं, क्योंकि उसने सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार के खिलाफ छेड़े गए आंदोलन का दुरुपयोग किया और जनता से झूठ बोला। लेकिन अब आप की हकीकत जनता के सामने आ गई है। लिहाजा आगामी लोकसभा चुनावों में इस पार्टी को पांच-दस सीटें भी मिल जाती हैं, तो मुझे आश्चर्य होगा।’

दिल्ली विधानसभा में जन लोकपाल विधेयक पेश करने में नाकामी के बाद अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आप सरकार ने 14 फरवरी को इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लागू है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘अगर दिल्ली में निकट भविष्य में विधानसभा चुनाव कराये जाते हैं, तो हम इसके लिए तैयार हैं। हम इन चुनावों में 50 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।’ हर्षवर्धन ने केजरीवाल के इस आरोप को खारिज किया कि दिल्ली विधानसभा में जन लोकपाल विधेयक को गिराने के लिए कांग्रेस और भाजपा ने हाथ मिला लिए थे।

आप को ‘अराजक’ पार्टी बताते हुए उन्होंने कहा, ‘केजरीवाल ने दिल्ली में 49 दिन सरकार चलाई। लेकिन इस विधेयक को पारित कराने के लिए औपचारिक और संवैधानिक प्रक्रिया का पालन नहीं किया तथा जरूरी स्वीकृतियां नहीं लीं।’ (एजेंसी)

First Published: Sunday, February 23, 2014, 20:57

comments powered by Disqus