Last Updated: Sunday, May 18, 2014, 19:00
जयपुर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सहसम्पर्क प्रमुख राम माधव ने कहा कि देश में एक दशक बाद हुए ‘सत्ता परिवर्तन’ में मीडिया ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता है।
राममाधव आज यहां देवर्षि नारद जयंती के मौके पर उल्लेखनीय सेवाओं के लिये पत्रकारों को सम्मानित करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस परिवर्तन में जहां भाजपा एवं विरोधी दलों ने अपना काम किया है, वहीं दूसरी ओर मीडिया ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि इस परिवर्तन में नरेन्द्र मोदी का अपना परिश्रम था। साथ ही भाजपा का परिश्रम और योगदान कम नहीं रहा। लेकिन इस परिवर्तन में देश की पत्रकारिता ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राममाधव ने कहा कि इस देश के जागरूक पत्रकारिता के महत्व को बिल्कुल कम नहीं किया जा सकता है, क्योंकि सुरक्षा, आर्थिक, सामाजिक और भ्रष्टाचार इन सारी चीजों पर समाज का प्रबोधन करने में पत्रकार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है जिसके चलते समाज में एक चाह पैदा हुई।
आरएसएस के प्रमुख पदाधिकारी ने कहा कि पिछले आठ-दस वर्षों का देश का अनुभव बहुत खराब रहा है। हम एक सामाजिक संगठन के कार्यकर्ता हैं राजनैतिक क्षेत्र से नहीं हैं। लेकिन देश की परिस्थिति में सुधार के लिये सत्ता परिवर्तन जरूरी था। राममाधव ने देश में 1977 के राजनैतिक स्थिति की चर्चा करते हुए कहा कि जब इस देश के लोकतंत्र को बचाने की आवश्यकता थी, तब पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में लोकतंत्र को समाप्त करके फासीवादी सरकार को लाने का प्रयास हुआ था। उन्होंने कहा कि उस वक्त संघ ने जमकर आंदोलन किया था। साथ ही देशवासियों को जागृत किया था जिसका परिणाम देश में सत्ता परिवर्तन हुआ। हालांकि उस समय मीडिया इतना सशक्त नहीं था।
उन्होंने कहा कि देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा में मीडिया ने समय समय पर अपनी भूमिका निभायी है जिसे भुलाया नहीं जा सकता। राममाधव ने पड़ोसी देश पाकिस्तान और चीन से सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर बातचीत करने का सर्मथन करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत होनी चाहिए लेकिन मजबूती के साथ। उन्होंने गरीबी पर अकुंश लगाने के लिये उन्हें याचक नहीं बल्कि सक्षम बनाने की वकालत की। इस मौके पर उन्होंने उल्लेखनीय सेवाओं के लिये पत्रकारों को सम्मानित किया। (एजेंसी)
First Published: Sunday, May 18, 2014, 19:00